
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा पर कड़ी निगरानी,
Muzaffarnagar: श्रावण मास की पवित्र कावड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित सम्पन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस 24 घंटे तत्परता के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है।
इसी क्रम में आज सुबह जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम के साथ खतौली थाना क्षेत्र में कावड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सबसे पहले गंग नहर पटरी मार्ग का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद डीएम और एसएसपी ने मोटर बोट में बैठकर गंग नहर के अंदर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी सिटी मुजफ्फरनगर सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि श्रावण कावड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। हरिद्वार से जल लेकर आने वाले शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में मुजफ्फरनगर पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से सभी कावड़ मार्गों, शिविर स्थलों और संवेदनशील स्थानों का लगातार निरीक्षण कर रहा है।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पैदल कावड़ मार्ग और गंग नहर पटरी मार्ग पर विशेष फोकस किया जा रहा है। कई बार कावड़िये थकान मिटाने के लिए नहर में स्नान करने उतर जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए नहर किनारे बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और मोटर बोट से गश्त की व्यवस्था को परखा गया।
जिलाधिकारी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि कावड़ मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और चिकित्सा सुविधा में कोई कमी न रहे। एसएसपी ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए और डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 1 August 2026, 2:44 AM IST
Topics : DM High Alert Kanwar Yatra Muzaffarnagar Security Review