
महिला कांवड़ियों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल
Muzaffarnagar : जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया। जब शहर के सबसे व्यस्त शिव चौक पर महिला कांवड़ियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। आबकारी पुलिस चौकी के पास शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों की महिलाएं एक-दूसरे पर थप्पड़, लात-घूंसे और धक्का-मुक्की करती नजर आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए शिव चौक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर कांवड़ यात्रा के दौरान महिला कांवड़ियों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद मोबाइल चार्जिंग पॉइंट को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।@muzafarnagarpol… pic.twitter.com/dzFBeJySOL
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 6, 2026
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद मोबाइल चार्जिंग पॉइंट को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि मौके पर सिर्फ एक चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध था और दोनों पक्षों की महिलाएं पहले अपना मोबाइल चार्ज करने को लेकर अड़ गईं।
पहले दोनों तरफ से बहस शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की महिलाएं एक-दूसरे से भिड़ गईं। देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आबकारी पुलिस चौकी प्रभारी शशि कपूर और अस्थायी कांवड़ थाना शिव चौक प्रभारी महावीर सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
चूंकि विवाद महिलाओं के बीच था, इसलिए पुलिस ने तत्काल महिला पुलिसकर्मियों को भी बुलाया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की महिलाओं को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने के बाद भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। महिलाओं के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज भी काफी देर तक चलती रही। पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद शिव चौक पर श्रद्धालुओं की आवाजाही दोबारा सामान्य हो सकी।
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला कांवड़ियों के बीच हुई मारपीट और पुलिस द्वारा मामले को शांत कराने की कोशिश दिखाई दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और वीडियो के आधार पर भी घटनाक्रम की जांच की जा रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 7 August 2026, 1:42 AM IST