Muzaffarnagar: भगत सिंह रोड पर बाजार लगाने को लेकर हंगामा, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों में आक्रोश

मुजफ्फरनगर में दीपावली के अवसर पर लगने वाले बाजार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर के भगत सिंह रोड पर बाजार लगाने की प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने से रेहड़ी-पटरी दुकानदारों में नाराजगी देखने को मिली।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 6 November 2026, 6:34 AM IST

Muzaffarnagar: शहर के भगत सिंह रोड पर दीपावली के अवसर पर लगने वाले बाजार को लेकर रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने जमकर हंगामा किया। प्रशासन द्वारा इस बार भगत सिंह रोड के बीचों-बीच बाजार लगाने की अनुमति नहीं दिए जाने और सभी दुकानदारों को टाउन हॉल के मैदान में दुकानें लगाने के निर्देश दिए जाने से छोटे व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली।

हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. अन्नू चौधरी शहर कोतवाल बिर्जेश शर्मा सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

दीवाली में कई वर्षों से लगता है बाजार

गौरतलब है कि भगत सिंह रोड पर पिछले कई वर्षों से दीपावली के अवसर पर सड़क के बीचों-बीच अस्थायी बाजार लगता आ रहा है। इस बार प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा का हवाला देते हुए बाजार को सड़क पर लगाने से रोक दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल ने सभी रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को शिव चौक से करीब 400 मीटर आगे स्थित टाउन हॉल के मैदान में दुकानें लगाने के निर्देश दिए।

प्रशासन के इस फैसले का छोटे व्यापारियों ने विरोध करते हुए टाउन हॉल में दुकानें लगाने से इनकार कर दिया। दुकानदारों का कहना था कि भगत सिंह रोड पर पहले से ही दुकानों के बाहर ठिए लगे हुए हैं।

दुकानदारों का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि कई दुकानदारों ने 20-20 हजार रुपये तक में ठिए खरीदे हैं। ऐसे में यदि ग्राहक भगत सिंह रोड पर खरीदारी करने आएंगे तो वे टाउन हॉल तक नहीं पहुंचेंगे, जिससे उनका सामान नहीं बिक पाएगा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

रोजी-रोटी का संकट

दुकानदारों ने यह भी कहा कि पहले दीपावली के अवसर पर भगत सिंह रोड पर पांच दिन तक बाजार लगता था, लेकिन इस बार बाजार लगाने के लिए केवल तीन दिन ही बचे हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन ने पहले उन्हें टाउन हॉल में दुकानें लगाने की कोई जानकारी नहीं दी थी। अचानक स्थान बदलने के फैसले से छोटे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

उधर, प्रशासन ने टाउन हॉल के मैदान में रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को दुकानें आवंटित करने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत प्रत्येक व्यापारी से 100 रुपये शुल्क लेकर पंजीकरण किया जाएगा।

Saharanpur: रक्षक बने भक्षक, थाने में महिला से दुष्कर्म मामले में पूर्व SHO और इंस्पेक्टर दोषी करार, आज होगी सजा

प्रशासन का बयान

सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल ने स्पष्ट किया कि इस बार भगत सिंह रोड की सड़क पर किसी भी तरह का ठिया नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क आवागमन के लिए होती है। बीच सड़क पर बाजार लगने से यातायात बाधित होता है और कई बार दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं।

इसके अलावा यदि बाजार में कहीं आग लगने जैसी घटना होती है तो दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने और आग बुझाने में काफी परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी व्यापारियों के लिए टाउन हॉल के मैदान में व्यवस्था की है, जो शिव चौक से करीब 400 मीटर आगे स्थित है।

फैक्ट्री में काम करने गए कर्मचारी की संदिग्ध मौत, मुजफ्फरनगर में परिजनों ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप

उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार बाजार टाउन हॉल में ही लगाया जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  6 November 2026, 6:30 AM IST