हिंदी
नीरज मौर्य (फोटो: डाइनामाइट न्यूज)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में जनता से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संसद में उनका उद्देश्य केवल सवाल उठाना नहीं, बल्कि सरकार से जवाबदेही तय कराना और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
सांसद ने बताया कि मानसून सत्र में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, प्रभावी रोजगार नीति, सरकारी विद्यालयों की गिरती शिक्षा व्यवस्था और लगातार घटते नामांकन का मुद्दा उठाया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षक भर्ती में टीईटी की अनिवार्यता की समीक्षा, युवाओं की भर्तियों और नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को भी संसद में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी आम जनता के सामने बड़ी चुनौती है। इन विषयों पर सरकार से स्पष्ट जवाब और ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।
यहां भी पढ़ें: Bareilly: जिस भाई की कलाई पर बांधी थी राखी, उसी ने सीने में दाग दी गोली; मातम में बदलीं खुशियां
नीरज मौर्य ने कहा कि किसानों की आय, फसलों के नुकसान का मुआवजा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी, खाद की उपलब्धता और किसानों की कर्जमाफी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महंगे डीजल-पेट्रोल के कारण खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
सांसद ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन में कथित वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी योजनाओं, थानों और तहसीलों में भ्रष्टाचार, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, चुनावी चंदे में पारदर्शिता और ई-20 ईंधन नीति जैसे विषयों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने राम मंदिर परिसर में कथित चोरी की घटना से जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर भी चर्चा करने की बात कही।
यहां भी पढ़ें: Bareilly: इंसानियत शर्मसार, गैस कनेक्शन के बहाने बुलाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, जानिए क्या है पूरा मामला
सांसद ने कहा कि स्थानीय स्तर पर किसानों के लिए पर्याप्त खाद की व्यवस्था, बंद पड़ी रबर फैक्ट्री का समाधान, 300 बेड अस्पताल को पूरी क्षमता से संचालित कराने और बरेली में एम्स की स्थापना के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाया जाएगा। इस दौरान जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव, पीयूष वर्मा, डॉ. नरेंद्र गौतम, मयंक शुक्ला, सत्यवीर चौहान, संजय शास्त्री, शगुन तोमर, शिवकुमार शाक्य सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Bareilly
Published : 18 July 2026, 4:45 PM IST