
शादी के अगले ही दिन घर में मातम
Maharajganj: जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बचगंगपुर ग्राम सभा के थापापुर टोले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जहां एक ओर घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अगले ही दिन उसी घर में मातम पसर गया। शनिवार सुबह घर की बड़ी बहू अंशु देवी (उम्र करीब 26 वर्ष) का शव कमरे में लगे पंखे से लटका हुआ मिला।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मृतका के देवर कृष्ण मोहन द्विवेदी की बारात कुरहवां खुर्द, नई कोट (महराजगंज) गई थी। अंशु देवी पूरे उत्साह के साथ शादी समारोह में शामिल हुईं और रात तक घर में चल रहे कार्यक्रमों में अन्य महिलाओं के साथ हंसी-खुशी भागीदारी निभाती रहीं। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि अगले ही दिन इतनी बड़ी घटना सामने आएगी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
शनिवार सुबह जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो अंशु देवी का शव पंखे से लटकता देख हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही हैं।
दहेज के लिए प्रताड़ित
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के भाई कृष्ण चंद द्विवेदी, निवासी केशौली, ने बृजमनगंज थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अंशु को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है।
आनंदनगर रैक पॉइंट पर इफको यूरिया की फुल रैक पहुंची, डीएम के प्रयास से किसानों को बड़ी राहत
दहेज उत्पीड़न का आरोप
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, जिसमें दहेज उत्पीड़न के आरोप भी शामिल हैं।
फिलहाल गांव में शोक और दहशत का माहौल है। जिस घर में एक दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम छाया हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 2 May 2026, 6:33 PM IST
Topics : body brother in law Maharajganj marriage woman