
गाजियाबाद में किशोरी ने उठाया कदम (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
Ghaziabad: गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी के घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गर्मी की छुट्टियों में पढ़ाई नहीं करने पर मां ने उसे डांट दिया था। इससे नाराज होकर किशोरी 25 जून को घर से निकल गई और फिर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
टीलामोड़ थाना क्षेत्र के पसौंडा निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी बेटी 14 वर्ष की है और आठवीं कक्षा में पढ़ती है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान वह पढ़ाई में ध्यान नहीं दे रही थी। इसी बात को लेकर मां ने उसे समझाते हुए डांट दिया था। इसके बाद किशोरी नाराज हो गई और 25 जून को घर से चली गई।
परिवार का कहना है कि बेटी के घर से जाने के बाद उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के सभी संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। आखिरकार उन्होंने टीलामोड़ थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस से बेटी को सकुशल तलाशने की गुहार लगाई।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें किशोरी की तलाश में जुटी हैं। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित स्थानों पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द किशोरी को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Ghaziabad
Published : 28 June 2026, 4:55 AM IST