अमेरिका-इंग्लैंड के पास नहीं दुनिया की समस्याओं का समाधान! मोहन भागवत बोले- भारत की सनातन विरासत में छिपा है रास्ता

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में कहा कि दुनिया की समस्याओं का समाधान भारत की सनातन विरासत में छिपा है। उन्होंने भारत को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पुरानी नींव पर फिर से खड़ा करने का संदेश दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 12:08 PM IST

Muzaffarnagar: दुनिया आज विकास की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ने का दावा कर रही है, लेकिन तरक्की के इस सफर में मानवता कई ऐसी समस्याओं से घिरती जा रही है, जिनका समाधान बड़े-बड़े विकसित देशों के पास भी नहीं है। ऐसे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने भारत की सनातन विरासत को दुनिया के लिए उम्मीद की किरण बताया है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित शुकतीर्थ से उन्होंने साफ संदेश दिया कि दुनिया की समस्याओं का रास्ता भारत की प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं में छिपा है।

शुकतीर्थ से भारत की सांस्कृतिक विरासत पर बड़ा संदेश

RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत शुकतीर्थ आश्रम में अपने प्रवास के दूसरे दिन लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत को अपनी पुरानी नींव पर दोबारा खड़ा करना होगा। उनका कहना था कि देश अभी दुनिया का सर्वोच्च विकसित राष्ट्र नहीं बना है। आज भी भारत के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाना पड़ता है। यह स्थिति बताती है कि देश को अभी कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास का मतलब केवल आधुनिक सुविधाएं और आर्थिक प्रगति नहीं है, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और मूल पहचान को समझना भी उतना ही जरूरी है।

मुजफ्फरनगर: घर के बाहर पिता-पुत्र पर बरसी गोलियां, दोनों की मौत; यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर डबल मर्डर से सनसनी

दुनिया के पास नहीं है अपनी समस्याओं का समाधान

अपने संबोधन में डॉ. भागवत ने अमेरिका और इंग्लैंड की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वह हाल ही में इन देशों से होकर लौटे हैं। उनके मुताबिक, दुनिया आज जिन समस्याओं से जूझ रही है, उनका समाधान वहां के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि दुनिया जिस रास्ते पर आगे बढ़ रही है, वह उसे मुश्किलों की तरफ ले जा सकता है। वहां पिछले कुछ वर्षों में कई प्रयोग किए गए हैं, लेकिन उनकी परिणति मानवता के लिए अच्छी नहीं दिखाई दे रही है। भागवत के मुताबिक, दुनिया के लोग भी अब यह समझने लगे हैं कि भारत के पास एक अलग रास्ता मौजूद है।

'सनातन विरासत हमारे पास, लेकिन हमें ही उसका पता नहीं'

डॉ. मोहन भागवत ने अपनी बात रखते हुए कहा कि भारत के पास दुनिया की तारणहार बनने वाली सनातन विरासत मौजूद है, लेकिन देश के लोगों की स्थिति ऐसी हो गई है कि उन्हें खुद अपनी विरासत की ताकत का अंदाजा नहीं है। उन्होंने कहा कि करीब 60-70 साल पहले ऐसा दौर था, जब हम अपनी ही परंपराओं और विरासत को किसी काम का नहीं समझते थे। इसी सोच के चलते धीरे-धीरे लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों से दूर होते चले गए। इसका असर हमारे तीर्थस्थलों पर भी पड़ा और कई धार्मिक स्थान उपेक्षा का शिकार हो गए।

RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत (IMG: X)

'आज का आउट ऑफ डेट कल होगा अप-टू-डेट'

अपने संबोधन में RSS प्रमुख ने आधुनिकता और पुरानी परंपराओं को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में कुछ लोग भारतीय परंपराओं और आध्यात्मिक विचारों को पुराना या आउट ऑफ डेट मान सकते हैं, लेकिन समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता। उनके मुताबिक, आज जिसे पुराना समझकर नजरअंदाज किया जा रहा है, वही आने वाले समय में दुनिया के लिए सबसे उपयोगी और प्रासंगिक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के अलग-अलग संप्रदायों के प्रमुख लोग भी अब इस तरह के विचारों पर चर्चा करने लगे हैं।

मुजफ्फरनगर में अचानक फटा बिजली का ट्रांसफार्मर, घर में काम कर रही बच्चियां गर्म तेल से झुलसीं; गांव में मची चीख-पुकार

श्रीमद्भागवत से मिलती है भक्ति और जीवन की सीख

डॉ. भागवत ने श्रीमद्भागवत के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ईश्वर की भक्ति पर दृढ़ रहने की प्रेरणा श्रीमद्भागवत देती है। दुनिया में परिस्थितियां हमेशा बदलती रहती हैं। कभी अच्छा समय आता है तो कभी मुश्किल दौर से गुजरना पड़ता है। ऐसे में व्यक्ति को अपने विश्वास और मूल्यों पर कायम रहना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन को समझने और कठिन परिस्थितियों में संतुलन बनाए रखने की सीख भी देती है।

स्वामी कल्याण देव अभिनंदन ग्रंथ का किया विमोचन

शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम में अपने प्रवास के दौरान डॉ. मोहन भागवत ने एक विशेष कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। यहां उन्होंने आश्रम के पीठाधीश्वर ओमानंद ब्रह्मचारी द्वारा लिखित 'तीन सदी के युगदृष्टा स्वामी कल्याण देव अभिनंदन ग्रंथ' के दूसरे संस्करण का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने भारतीय संत परंपरा, धार्मिक विरासत और समाज के निर्माण में आध्यात्मिक विचारों की भूमिका पर अपनी बात रखी। शुकतीर्थ को श्रीमद्भागवत कथा की परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल माना जाता है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  24 November 2026, 12:08 PM IST