
प्रतीकात्मक छवि
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोमवार सुबह मोबाइल लूट की एक वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बिसरख थाना क्षेत्र के मूर्ति गोलचक्कर के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी एक युवती से उसका नया iPhone 18 Pro छीन लिया और फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि युवती ने यह महंगा फोन घटना से महज तीन दिन पहले ही खरीदा था। वारदात के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पीड़िता की पहचान शुभी भंडारी के रूप में हुई है, जो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहती हैं। सोमवार सुबह वह अपने ऑफिस जाने के लिए घर से निकली थीं।
जानकारी के मुताबिक, जब वह मूर्ति गोलचक्कर के पास ई-रिक्शा से जा रही थीं, तभी उन्हें किराये का ऑनलाइन भुगतान करना था। इसी दौरान उन्होंने अपना मोबाइल फोन निकाला।
आरोप है कि इसी दौरान हेलमेट पहने दो बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने पहले युवती से रास्ता पूछने का बहाना बनाया।
इसके बाद उनकी नजर युवती के हाथ में मौजूद नए iPhone पर गई। बदमाशों ने कथित तौर पर पूछा कि क्या यह नया iPhone मॉडल है। जैसे ही युवती ने इसका जवाब दिया, बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से फोन छीना और बाइक से फरार हो गए।
पीड़िता के पति साकेत गुप्ता ने बताया कि यह iPhone उन्होंने काफी उत्साह के साथ महज तीन दिन पहले खरीदा था। घटना के बाद परिवार ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह के मुताबिक, पीड़िता के पिता की ओर से ऑनलाइन FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों के आने-जाने वाले रास्तों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में सुबह के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि प्रमुख सड़कों और चौराहों पर निगरानी बढ़ाए जाने की जरूरत है।
Location : New Delhi
Published : 22 September 2026, 10:11 AM IST
Topics : Bisrakh Crime News Greater Noida Mobile Snatching Case Greater Noida West Crime iPhone 18 Pro Robbery iPhone Snatching Case