Mirzapur: देर रात हुई मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे गौ-तस्करों की हुई घेराबंदी

मिर्जापुर में गौ-तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस के सामने ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। जानिए पुलिस ने आरोपियों का कैसे किया पीछा और फिर कैसे हुई गिरफ्तारी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 12:11 PM IST

Mirzapur: मिर्जापुर में गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस को सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गो-वंश लादकर तस्कर उन्हें दूसरे राज्य ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। लेकिन तस्करों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, जिसके बाद शुरू हुआ पीछा और मुठभेड़ का हाई-वोल्टेज ड्रामा।

पिकअप के जरिए की जा रही थी तस्करी

पुलिस के अनुसार, थाना विंध्याचल क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के जरिए गो-वंश की तस्करी की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गैपुरा इलाके में वाहन का पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख तस्कर वाहन लेकर लालगंज की ओर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने दादर पहाड़ी के पास घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया।

तस्करों ने की थी फायरिंग

पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे और उसके दो साथियों को दबोच लिया।

जांच से पता चला तस्करी का नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गो-वंश की तस्करी करते थे और उन्हें बिहार ले जाकर बेचते थे। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि ये लोग लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।

आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद रोहित यादव निवासी चंदौली को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अशोक यादव निवासी चंदौली और राजीव तिवारी निवासी मिर्जापुर को भी गिरफ्तार किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

हथियार और गो-वंश बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर, एक कारतूस और 01 खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही पांच गो-वंश और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप

विंध्याचल पुलिस की इस कार्रवाई को गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। वहीं, इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सक्रिय अन्य तस्करों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Location :  Mirzapur

Published :  16 June 2026, 12:11 PM IST