
वारदात CCTV में कैद (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ दबंगों ने एक दुकान में बैठे कारीगर पर जलती आग की लकड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। सोशल मीडिया पर इस बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
यह पूरी घटना मिर्ज़ापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के कंतित इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, यहाँ एक दुकान में बाहर से एक कारीगर को काम के लिए बुलाया गया था। इसी बात से नाराज होकर पड़ोस में ही दुकान चलाने वाले हैदर नाम के शख्स ने आपसी रंजिश के चलते अपने साथ आधा दर्जन (करीब 6) लोगों को लिया और दुकान पर धावा बोल दिया। दबंगों ने दुकान के भीतर बैठे कारीगर पर अंगीठी की जलती हुई लकड़ी से हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटने लगे। दबंगों ने इतने पर ही बस नहीं किया, बल्कि दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की।
Mirzapur की सड़क दिनहाड़े हुआ ऐसा कि मची अफरातफरी; जानिये क्या हुआ जब पुलिस पहुंची
दुकान में हुई इस हिंसक मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद जब दुकान मालिक ने हैदर और उसके साथियों का विरोध किया, तो दबंगों के हौसले और बुलंद हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर इन दबंगों ने उनके घर पर चढ़कर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पीड़ित परिवार बेहद डरा हुआ है।
घटना को लेकर पीड़ित अफसाना ने बताया कि उनके पड़ोसी बेहद दबंग प्रवृत्ति के लोग हैं। अफसाना ने कहा कि, "हमारे बहनोई ने बाहर से कारीगर मंगा कर दुकान खुलवाई है। पड़ोसी दुकानदार हैदर को काम करने के लिए कोई कारीगर नहीं मिल रहा था। इसी बात की ईर्ष्या और नाराजगी में उसने हमारे कारीगर को बुरी तरह पीट दिया। हमारे बहनोई इन लोगों की दबंगई से काफी डरते हैं।"
CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विंध्याचल थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
इस मामले पर जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शहर (CO सिटी) आलोक कुमार ने बताया कि, "एक मारपीट का वीडियो सामने आया है, जिसमें काम करने वाले कारीगर के साथ स्थानीय कुछ लोगों द्वारा मारपीट व सामान की तोड़फोड़ की गई है। उक्त घटना के संबंध में थाना विंध्याचल पर सुसंगत धाराओं में अभियोग (मामला) पंजीकृत कर त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 03 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। क्षेत्र में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Location : Mirzapur
Published : 19 June 2026, 3:56 PM IST