मिर्जापुर में सपा नेता के खिलाफ भड़का आक्रोश! सैकड़ों ब्राह्मणों ने कोतवाली घेरकर की FIR की मांग, पूर्व PCS अधिकारी भी पहुंचे

मिर्जापुर में सपा नेता शिव शंकर यादव की कथित टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो के बाद पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के नेतृत्व में सैकड़ों ब्राह्मण शहर कोतवाली पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने जमकर विरोध जताया और मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 4 November 2026, 4:17 PM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में समाजवादी पार्टी के नेता शिव शंकर यादव की एक टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शहर कोतवाली पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया।

वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, सपा नेता शिव शंकर यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने ब्राह्मण समाज और शादी-विवाह में पढ़े जाने वाले श्लोक को लेकर टिप्पणी की थी। आरोप है कि उन्होंने श्लोक की तुलना एक गाली से की। इस बयान के सामने आने के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई और अलग-अलग जगहों पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

ये भी पढ़ें- कानपुर में बृजेश पाठक का इंडी गठबंधन पर हमला, बोले- 2027 में BJP तीसरी बार बनाएगी सरकार

पूर्व PCS अधिकारी के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे लोग

मिर्जापुर में इसी विरोध के तहत पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के नेतृत्व में सैकड़ों लोग शहर कोतवाली पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली का घेराव किया और शिव शंकर यादव के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

अखिलेश यादव से भी की गई बड़ी मांग

पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि सपा नेता शिव शंकर यादव ने ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इसी मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। उन्होंने बताया कि कोतवाल ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

ये भी पढ़ें- फीस न देने पर छीनी उत्तर पुस्तिका, फिर छात्रा ने लगाया फंदा: जानिए प्रतापगढ़ के इस विवादित स्कूल का पूरा सच

अलंकार अग्निहोत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मांग की कि ऐसे बयान देने वाले नेता को पार्टी से बाहर किया जाए। फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। 

Location :  Mirzapur

Published :  4 November 2026, 4:17 PM IST