Mirzapur: बेटी की शादी के लिए गिरवी रखा खेत, बारात से ऐन पहले दूल्हा हुआ गायब

मिर्जापुर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने समाज में सभी लोगों को सोचने को मजबूर कर दिया। बेटी की शादी के लिए एक पिता ने खेत तक गिरवी रख दिया, घर में बारात के स्वागत की तैयारियां थीं और रिश्तेदारों को न्योता भी पहुंच चुका था। लेकिन शादी से ठीक चार दिन पहले एक फोन कॉल ने परिवार की खुशियों पर पानी फेर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 4:35 PM IST

Mirzapur: बेटी की शादी के लिए पिता ने अपनी जिंदगीभर की जमा-पूंजी लगा दी। शादी की तैयारियों के लिए खेत तक गिरवी रख दिया, रिश्तेदारों को निमंत्रण भेज दिया और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन बारात आने से महज चार दिन पहले दूल्हे के लापता होने की सूचना ने पूरे परिवार को संकट में डाल दिया।

अब पीड़ित पिता प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है। मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के बरी पाठक गांव का है।

22 नवंबर को आनी थी बारात

जानकारी के मुताबिक, बरी पाठक गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार बिंद की पुत्री आरती देवी की शादी प्रयागराज जनपद के मांडा थाना क्षेत्र के खपरखोचवा निवासी लालचंद बिंद के पुत्र लवकुश से तय हुई थी। शादी की तारीख 22 नवंबर 2026 निर्धारित थी। लड़की पक्ष के मुताबिक, तिलक समारोह में दो लाख रुपये भी दिए गए थे।

पीड़ित पिता का आरोप है कि 18 नवंबर को लड़के के पिता ने पहले फोन पर शादी की तैयारियां चलने की बात कही। हालांकि, कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा फोन करके अपने बेटे के लापता होने की सूचना दे दी। यह खबर सुनते ही लड़की पक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई।

दूल्हे पर गाली-गलौज और सोना मांगने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि आरोपी लवकुश पहले कई बार उनके घर आ चुका था और आरती से बातचीत भी करता था। लेकिन बाद में उसका व्यवहार बदलने लगा। लड़की पक्ष का दावा है कि वह कथित तौर पर गाली-गलौज करता था और जान से मारने की धमकी देने के साथ सोने की सिकड़ी की मांग भी करता था।

हालांकि, ये सभी आरोप पीड़ित परिवार की ओर से लगाए गए हैं। मामले में इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

न पुलिया सुरक्षित, न रास्ता: मिर्जापुर में 10 लाख की लागत से बनी पुलिया 6 महीने में धंसी

खेत गिरवी रखकर की शादी की तैयारी

पीड़ित पिता धर्मेंद्र कुमार बिंद के मुताबिक, बेटी की शादी के लिए उन्होंने अपनी जमा-पूंजी खर्च कर दी थी। इतना ही नहीं, शादी का खर्च जुटाने के लिए खेत तक गिरवी रखना पड़ा। रिश्तेदारों और परिचितों को निमंत्रण दिया जा चुका था और शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं।

ऐसे में बारात आने से ठीक पहले दूल्हे के लापता होने की सूचना ने परिवार को सामाजिक और आर्थिक संकट में डाल दिया है।

सड़क किनारे पड़े नुकीले बोल्ट ने बढ़ाई चालकों की चिंता, मिर्जापुर में लापरवाही की हदें पार; आखिर कब जागेगा प्रशासन?

अब प्रशासन से लगाई गुहार

अब पीड़ित परिवार प्रशासन से न्याय की मांग कर रहा है। पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Location :  Mirzapur

Published :  21 November 2026, 4:35 PM IST