
इन महिलाओं ने किया आभार व्यक्त (Image: Dynamite News)
Mirzapur News: मिर्जापुर में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद खुशी की लहर दौड़ गई है। मानदेय बढ़ाने और कैशलेस इलाज की सुविधा देने के फैसले को कार्यकत्रियों ने अपने सम्मान और मेहनत की पहचान बताया है। उनका कहना है कि सरकार ने उनकी जिम्मेदारियों और योगदान को समझते हुए बड़ा कदम उठाया है, जिससे उनका उत्साह बढ़ा है।
अयोध्या में आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का मिर्जापुर के बरकछा स्थित बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के सभागार में लाइव प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम में जिले की बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं शामिल हुई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणा सुनते ही मौजूद कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी का माहौल दिखाई दिया। उन्होंने सरकार के इस फैसले को अपने लिए राहत भरा कदम बताया।
आंगनवाड़ी केंद्र चिल्ह तृतीय की कार्यकत्री विद्यादेवी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कार्यकत्रियों की बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने से उन्हें काफी खुशी हुई है। साथ ही कैशलेस इलाज की सुविधा से जुड़ना उनके लिए सरकार की ओर से सम्मान जैसा है। इससे कार्यकत्रियों का मनोबल और बढ़ेगा।
आंगनवाड़ी केंद्र मलाधरपुर प्रथम की सहायिका क्रांति देवी ने कहा कि सहायिकाएं भी कार्यकत्रियों के साथ मिलकर केंद्रों पर बच्चों और महिलाओं से जुड़ी कई गतिविधियों में सहयोग करती हैं। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने और स्वास्थ्य सुविधा मिलने की घोषणा से हजारों सहायिकाओं में उत्साह है। यह फैसला उनके परिवारों के लिए भी राहत लेकर आएगा।
आंगनवाड़ी केंद्र अमोई द्वितीय की कार्यकत्री संजीता देवी ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सरकार और लाभार्थियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शुरुआती शिक्षा और महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में कार्यकत्रियों की अहम जिम्मेदारी होती है। सरकार के इस फैसले से उन्हें अपने काम को और बेहतर तरीके से करने की प्रेरणा मिलेगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। घोषणा के अनुसार, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया जाएगा। इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उनके परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है।मिर्जापुर की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह कदम उनके काम के प्रति सम्मान और विश्वास को दर्शाता है।
Location : Mirzapur
Published : 9 September 2026, 6:19 PM IST