Mirzapur: रात में सो रहे थे लोग, अचानक भरभराकर गिरी दीवार, सुबह का मंजर देख कांप उठे ग्रामीण

मिर्जापुर के मड़िहान क्षेत्र में बारिश के बीच जर्जर दीवार गिरने से बुजुर्ग दंपत्ति की मौत हो गई। रजौहा गांव में रामाशंकर और उनकी पत्नी अशोक कुमारी मलबे में दब गए। वहीं बभनी थपनवा में भी ट्यूबवेल की दीवार गिरने से महिला की मौत और पति के घायल होने की घटना सामने आई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 August 2026, 10:46 AM IST

Mirzapur: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर मकानों और दीवारों का खतरा जानलेवा साबित हो रहा है। मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव में बुधवार देर रात जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। घर में सो रहे बुजुर्ग दंपत्ति मलबे में दब गए। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।

आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले थम चुकी थीं सांसें

मृतकों की पहचान रामाशंकर पुत्र झिंगुरी (70) और उनकी पत्नी अशोक कुमारी (65) के रूप में हुई है। सीएचसी मड़िहान के अधीक्षक डॉ. आरएस वर्मा के अनुसार, अस्पताल लाए जाने तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

दोनों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक सामान्य माहौल था, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया।

UP Live News: मिर्जापुर में युवक का गला रेतकर हत्या, तो औरैया में डबल मर्डर केस में 10 दोषी करार, पढ़ें सभी बड़ी खबर एक क्लिक में

दो दिनों से हो रही थी रुक-रुककर बारिश

बताया जा रहा है कि इलाके में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही थी। लगातार नमी के कारण पहले से जर्जर दीवार और कमजोर हो गई थी। बुधवार रात यही दीवार अचानक गिर गई और बुजुर्ग दंपत्ति उसकी चपेट में आ गए।

पड़ोसियों ने जब मलबे में दबे दंपत्ति को देखा तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पूरे रजौहा गांव में शोक का माहौल है।

गले पर चलता रहा चाकू, घुटती रही चीखें…, मिर्जापुर के जंगल में मौत से जंग लड़ता मिला सोनभद्र का युवक

बभनी थपनवा में भी दीवार गिरने से महिला की मौत

मड़िहान तहसील क्षेत्र के बभनी थपनवा गांव में भी बारिश के बीच ऐसा ही हादसा सामने आया। खेत पर बने ट्यूबवेल के कमरे में सो रहे दंपत्ति के ऊपर अचानक दीवार गिर गई। मलबे में दबने से केवली उर्फ कबूतरी (60) पत्नी हीरा आदिवासी की मौत हो गई, जबकि उनके पति हीरा आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह राहगीरों ने क्षतिग्रस्त कमरे और मलबे को देखा तो हादसे की जानकारी हुई। लगातार बारिश के बीच एक ही क्षेत्र में दीवार गिरने की इन घटनाओं ने जर्जर मकानों और कमजोर निर्माणों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Location :  Mirzapur

Published :  20 August 2026, 10:30 AM IST