
मिर्जापुर में अर्णव चक्रवात से जनजीवन बेहाल (Img: Dynamite News)
Mirzapur: मिर्जापुर में अर्नब चक्रवात का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। तेज हवाओं और लगातार हो रही रिमझिम बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है, रोज कमाकर घर चलाने वाले लोग परेशान हैं और किसानों को अपनी मेहनत से तैयार फसल की चिंता सता रही है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच खराब मौसम ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
मिर्जापुर में लगातार हो रही बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते मौसम में गलन बढ़ गई है। बारिश के कारण लोगों को भीगते हुए अपने काम पर जाना पड़ रहा है। रोजमर्रा की नौकरी और मेहनत-मजदूरी से परिवार चलाने वाले लोगों के लिए यह मौसम बड़ी परेशानी बन गया है। सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम दिखाई दे रही है। स्कूलों की छुट्टी के बाद घर लौटने वाले बच्चों को भी बारिश और तेज हवाओं के बीच परेशानी उठानी पड़ रही है। ठंडी हवाओं और लगातार भीगने के कारण लोगों को सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियों का डर भी सता रहा है।
ये भी पढ़ें- गोरखपुर में पसीने छूटे, वाराणसी में ढहा किला: MLC नतीजों पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई का भाजपा पर करारा हमला
इस खराब मौसम ने सबसे ज्यादा चिंता किसानों की बढ़ा दी है। खेतों में कटकर पड़ी धान की फसल पर बारिश का पानी पड़ने से नुकसान होने का खतरा है। लगातार नमी रहने से फसल की गुणवत्ता खराब हो सकती है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसानों के लिए यह समय बेहद अहम है, क्योंकि फसल तैयार होने के बाद उसकी कटाई और सुरक्षित रखरखाव से ही उनकी सालभर की मेहनत का फल मिलता है। ऐसे में तेज हवाओं और बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
फसलों को नुकसान पहुंचने की स्थिति में किसानों की मदद के लिए कृषि रक्षक पोर्टल और व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। किसान 7065514447 पर संपर्क करके फसल नुकसान से जुड़ी जानकारी और मुआवजे की प्रक्रिया के बारे में पूछ सकते हैं।
ये भी पढ़ें- कानपुर में डिजिटल जनगणना के दूसरे चरण का बजा बिगुल, 16 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन स्वगणना
किसानों को सलाह है कि वे नुकसान की स्थिति में अपनी फसल की तस्वीरें और जरूरी जानकारी सुरक्षित रखें और संबंधित कृषि विभाग से मुआवजे की पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया की पुष्टि करें।
अर्णव चक्रवात के असर से मिर्जापुर में आम जनजीवन से लेकर खेती-किसानी तक प्रभावित होती दिखाई दे रही है। लोगों को खराब मौसम से राहत मिलने का इंतजार है, वहीं किसान अपनी फसल बचाने की कोशिश में जुटे हैं।
Location : Mirzapur
Published : 29 October 2026, 7:06 PM IST