हिंदी
अमृत धारा मिशन के गड्ढे बने जानलेवा
Mirzapur: जनपद में अमृत धारा मिशन के तहत बिछाई गई पाइप लाइनों के लिए खोदे गए गड्ढे अब आम लोगों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। पाइपलाइन डालने के बाद कई स्थानों पर गड्ढों को ठीक तरीके से नहीं भरा गया है। हल्की बारिश होते ही मिट्टी धंसने लगती है और सड़क पर चलने वाले लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला मिर्जापुर शहर की मछली गली में सामने आया है, जहां एक बाइक सवार पिता अपने दो बच्चों के साथ घर पहुंचा था। घर के ठीक सामने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे को मिट्टी डालकर पाट दिया गया था। जैसे ही मोटरसाइकिल उस स्थान के ऊपर पहुंची, अचानक जमीन धंस गई। पिता और दोनों बच्चे बाइक समेत गड्ढे में जा गिरे।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि बाइक के पहुंचते ही सड़क अचानक नीचे बैठ गई और बाइक सवार बच्चों के साथ गड्ढे में समा गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद पिता और बच्चों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन डालने के बाद गड्ढों को मानकों के अनुसार नहीं भरा जा रहा है। शहर की कई गलियों और मोहल्लों में इसी तरह सड़कें धंसी हुई हैं। बारिश के बाद हालात और भी खराब हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि ये गड्ढे कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
नाराज नागरिकों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों ने सभी गड्ढों की जांच कर उन्हें तत्काल मजबूत तरीके से भरवाने की अपील की है। स्थानीय निवासियों का सवाल है कि शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौन क्यों हैं और हादसा होने के बाद भी जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई कब होगी।
Location : Mirzapur
Published : 12 July 2026, 5:32 AM IST