हिंदी
मिर्जापुर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (फोटो: डाइनामाइट न्यूज)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने ननिहाल मिर्जापुर के कछवा क्षेत्र स्थित बरैनी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में आगामी विधानसभा चुनाव, समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन, अयोध्या राम मंदिर मामले, महंगाई और भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है और गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में किस दल के साथ गठबंधन होगा या नहीं, इसका निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व समय आने पर करेगा।
यहां भी पढ़ें: Mirzapur: 4.964 किलो अवैध गांजे के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
अजय राय ने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रकरण में बड़े लोगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर गंभीर सवाल उठे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनके अनुसार, यदि किसी ने बेईमानी की है तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और महंगाई दोनों बढ़े हैं। उनका आरोप था कि आम जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार लोगों की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय जांच एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस, सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी एजेंसियों का निष्पक्ष तरीके से उपयोग होना चाहिए। सरकार को जनता की परेशानियों को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए।
अजय राय ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की भी मांग की और कहा कि शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।
यहां भी पढ़ें: Mirzapur Road Accident: नेशनल हाई-वे पर रफ्तार बनी काल, बहू-ससुर की मौत
अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे महत्वपूर्ण होती है। सरकार को विपक्ष की बात सुननी चाहिए और जनता से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में तैयारी कर रही है।
Location : Mirzapur
Published : 18 July 2026, 7:39 PM IST