
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का कुशीनगर डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने किया स्वागत
Kushinagar: कुशीनगर की पवित्र धरती पर मंगलवार को ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। बौद्ध मंत्रों की गूंज, विदेशी मेहमानों की मौजूदगी और भव्य आयोजन सब मिलकर एक ऐतिहासिक शुरुआत के गवाह बने। तीन दिवसीय इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव 2026 का शुभारंभ पूरे विधि-विधान और पारंपरिक बौद्ध वंदना के साथ हुआ।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की शुरुआत महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर में हुई। जहां देश-विदेश से आए बौद्ध भिक्षु, उपासक और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत की और इसे ऐतिहासिक बताया।
‘कुशीनगर बनेगा वैश्विक बौद्ध केंद्र’
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि यह आयोजन कुशीनगर को वैश्विक बौद्ध और सांस्कृतिक केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के “भारत बुद्ध का देश है” संदेश को दोहराते हुए कहा कि दुनिया को शांति का रास्ता युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध के मार्ग से ही मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि काशी-तमिल संगम जैसे आयोजनों की तर्ज पर यह कॉन्क्लेव सांस्कृतिक एकता को मजबूत करेगा।
विकास और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम के जरिए न केवल आध्यात्मिक विमर्श हो रहा है, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है। कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और कृषि विश्वविद्यालय जैसे बड़े प्रोजेक्ट पहले ही इस क्षेत्र को नई पहचान दे रहे हैं।
तीन दिन चलेगा विचार-मंथन
कॉन्क्लेव के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधि बौद्ध दर्शन, शांति, करुणा और वैश्विक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए अलग-अलग देशों की परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। पहले ही दिन कुशीनगर की धरती पर आध्यात्मिकता और वैश्विक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने यह साफ कर दिया कि यह आयोजन आने वाले समय में बड़ी पहचान बनाएगा।
Location : Kushinagar
Published : 31 March 2026, 6:31 PM IST
Topics : Buddhist Conclave Dinesh Pratap Singh International Event Kushinagar news Mahendra Singh Tanwar