हिंदी
पुलिस मौके पर जांच करती हुई (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Meerut: मेरठ में एकतरफा प्यार की सनक ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया। शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक ने 24 वर्षीय युवती को बीच सड़क रोककर गोली मार दी। वारदात के दौरान आरोपी ने खुलेआम धमकी दी कि अगर युवती उसकी नहीं हुई तो वह किसी और की भी नहीं होने देगा। पहली गोली से बचने के बाद दूसरी गोली युवती के कान के पास जा लगी। खून से लथपथ युवती सड़क पर गिर गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
घटना ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में गणेशपुर चौकी से करीब 300 मीटर दूर अंजुम पैलेस के सामने गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई। घायल युवती अपनी सहेली आयशा और उसके पति सरफराज के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने बाइक रोक ली और चाबी निकालकर युवती से शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब युवती ने साफ इनकार कर दिया तो आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर तमंचा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें-आगरा में ठेके के बाहर बुलेट सवार बदमाशों का तांडव, युवक को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा, मूकदर्शक बनी रही भीड़
अस्पताल में एडमिट घायल युवती (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
युवती की सहेली आयशा ने मेरठ पुलिस को बताया कि पहली गोली चलाते समय युवती झुक गई, जिससे निशाना चूक गया। इसी बीच आयशा ने आरोपी को धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। लेकिन उठते ही उसने दूसरी बार फायर कर दिया। दूसरी गोली युवती के कान के पास लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। आरोपी ने आयशा पर भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख वह धमकी देता हुआ फरार हो गया।
घायल युवती की सहेली (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
परिजनों और सहेली का कहना है कि आरोपी शादीशुदा है और अपनी मामी की बेटी से उसका विवाह हो चुका है। इसके बावजूद वह लंबे समय से युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। युवती बदनामी के डर से पुलिस में शिकायत नहीं कर रही थी और इस परेशानी का जिक्र अक्सर अपनी सहेली से करती थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि आरोपी इस हद तक पहुंच जाएगा।
यह भी पढ़ें-मुजफ्फरनगर में आधी रात फूटा ‘पावर’ ब्लास्ट! सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग, पुलिस के छूटे पसीने
घायल युवती को तुरंत केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले समेत ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम का सामने आया है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : Meerut
Published : 17 July 2026, 11:50 AM IST