
प्रतीकात्मक छवि
मेरठ: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान अभ्यर्थियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मेरठ में दौड़ के दौरान बेहोश हुए शामली निवासी अभ्यर्थी सचिन की इलाज के दौरान मौत हो गई। सचिन 16 सितंबर को परीक्षा के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शामली के गुज्जरपुर झिंझाना निवासी सचिन पुत्र विनोद कुमार होमगार्ड भर्ती की PET में शामिल हुए थे। 16 सितंबर को दौड़ पूरी करते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान में ही गिर पड़े। शुरुआत में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें आनंद हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां उनका इलाज वेंटिलेटर पर चल रहा था।
रविवार रात करीब 11:18 बजे इलाज के दौरान सचिन ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
रविवार को भी कैलाश प्रकाश स्टेडियम में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा जारी रही। इस दौरान गर्मी और दौड़ की कठिन परीक्षा के चलते कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई।
रविवार को कुल 995 महिला और पुरुष अभ्यर्थी PET में शामिल हुए। इनमें 39 पुरुष और 47 महिला अभ्यर्थी निर्धारित समय में दौड़ पूरी नहीं कर सके और भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए।
परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी गर्मी के कारण बेहोश हो गया, जबकि एक अन्य के पैर में फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा करीब एक दर्जन अभ्यर्थियों की हालत खराब हुई, जिनका मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर स्थिति वाले दो अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए PET परीक्षा आयोजित की जा रही है। अभिलेख सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (DV-PST) में चयनित करीब एक लाख अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
PET में पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट में और महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी है। मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में परीक्षा के दौरान बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब सुबह पांच बजे से दौड़ शुरू कराई जा रही है
Location : Meerut
Published : 21 September 2026, 8:58 AM IST
Topics : Home Guard Vacancy Meerut Home Guard Recruitment PET Exam Accident UP Police Recruitment Uttar Pradesh News