Meerut Firing: हारुन गोलीकांड में आरोपी रवीश ने किया सरेंडर, SSP ऑफिस पहुंचकर बताई फायरिंग की पूरी कहानी

मेरठ में स्क्रैप कारोबारी हारुन पर फायरिंग के मामले में आरोपी रवीश ने SSP ऑफिस पहुंचकर सरेंडर कर दिया। हारुन के परिवार ने इरशाद, उसके बेटे रवीश और फिरोज पर फायरिंग का आरोप लगाया है। वहीं रवीश ने सरेंडर लेटर में दावा किया कि गोली छीना-झपटी के दौरान गलती से हारुन को लगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार इरशाद की तलाश में तीन टीमें लगी हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 September 2026, 5:01 PM IST

Meerut News: मेरठ में स्क्रैप कारोबारी हारुन को तीन गोलियां लगने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। फायरिंग के मुख्य आरोपियों में शामिल रवीश ने शनिवार को SSP ऑफिस पहुंचकर सरेंडर कर दिया। इस मामले में रवीश के पिता इरशाद और परिचित फिरोज पर भी फायरिंग के आरोप लगे हैं। घटना के बाद से इरशाद फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल हारुन का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रवीश ने सरेंडर लेटर में क्या कहा?

सरेंडर के बाद रवीश ने पुलिस को दिए पत्र में घटना की पूरी कहानी अपने पक्ष से बताई है। उसका दावा है कि फायरिंग में उसके परिवार की कोई भूमिका नहीं थी और गोली छीना-झपटी के दौरान गलती से हारुन को लगी। रवीश ने पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। रवीश के मुताबिक, 11 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे हारुन, सोनू और दो-तीन अज्ञात लोग उसके घर पहुंचे थे। उसने आरोप लगाया कि हारुन और उसके साथ आए लोगों ने उसके पिता इरशाद से कमेटी के पैसों का तकादा किया और विवाद के दौरान गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

‘पहले मुझ पर फायर किया गया’

रवीश ने दावा किया कि विवाद के दौरान हारुन ने उस पर तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद दोबारा फायरिंग की कोशिश के दौरान छीना-झपटी हुई और रवीश के मुताबिक गोली हारुन को ही लग गई। उसका कहना है कि गोली की आवाज सुनकर बाकी लोग वहां से भाग गए।

पुलिस पर एनकाउंटर का डर बताया

रवीश ने अपने सरेंडर लेटर में दावा किया कि उसकी मां और बहन को पुलिस थाने ले गई थी। उसने आशंका जताई कि पुलिस उसे फर्जी मुठभेड़ में मार सकती है। इसी डर के कारण उसने SSP के सामने आत्मसमर्पण करने का फैसला किया। उसने अपनी मां और बहन को छोड़ने की मांग भी की।

हारुन के परिवार ने लगाया था हमला करने का आरोप

दूसरी तरफ हारुन के भाई उमर ने आरोप लगाया है कि इरशाद पर हारुन के करीब 24 लाख रुपये बकाया थे और इसी रकम को लेकर विवाद हुआ था। परिवार का आरोप है कि इरशाद और रवीश ने हारुन पर फायरिंग की। परिजनों के मुताबिक, करीब 10 राउंड गोली चली और हारुन के सीने व कमर के आसपास तीन गोलियां लगीं। घायल होने के बावजूद वह करीब 500 मीटर तक भागा, जिसके बाद सड़क पर गिर गया।

पुलिस को मिले दो हथियार और 30 लाख रुपये

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले हैं। पुलिस के मुताबिक, मौके से दो हथियार बरामद किए गए हैं। वहीं इरशाद के घर की तलाशी में बेड बॉक्स से एक बैग मिलने और उसमें करीब 30 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि इस रकम का हारुन से जुड़े कथित 24 लाख रुपये के विवाद से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

SSP ने बताया क्यों किया सरेंडर

SSP बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, पुलिस की लगातार दबिश के बाद आरोपी रवीश खुद SSP ऑफिस पहुंचा और सरेंडर किया। उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब रवीश से पूछताछ कर फायरिंग की पूरी घटना की कड़ियां जोड़ रही है और फरार इरशाद की तलाश जारी है।

Location :  Meerut

Published :  12 September 2026, 5:01 PM IST