हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (Image: Dynamite News)
कंकरखेड़ा क्षेत्र के जंगेठी गांव निवासी शोभा शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 10 मई 2024 को सरधना क्षेत्र के पौहल्ली गांव निवासी अंकुश शर्मा से हुई थी। महिला के मुताबिक, शादी में उसके मायके वालों ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें लगभग सात लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, छह लाख रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान शामिल थे। शोभा का आरोप है कि 19 मार्च 2025 को बेटी के जन्म के बाद सास बबली देवी उसे ताने देने लगीं। शिकायत के मुताबिक, सास ने कहा, 'लड़की पैदा कर दी, अब तेरी इस लड़की की शादी के लिए दहेज कौन देगा।' पीड़िता ने जब पति अंकुश को इस बारे में बताया तो आरोप है कि उसने भी उसका साथ देने के बजाय अपने परिजनों का पक्ष लिया।
पीड़िता ने देवर विशाल, ससुर योगेश, सास बबली देवी और अन्य ससुराल वालों पर मारपीट करने, भोजन नहीं देने और बच्ची के इलाज में बाधा डालने के आरोप भी लगाए हैं। महिला के अनुसार, ससुराल पक्ष की मांग पर उसके मायके वालों ने अलग-अलग तारीखों में कुल पांच लाख रुपये दिए, लेकिन इसके बावजूद कथित उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। शोभा ने आरोप लगाया कि 10 मई 2026 को शादी की सालगिरह के मौके पर पति ने उससे एक लाख रुपये नकद, चांदी का कड़ा और सोने का मंगलसूत्र लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे धमकाया गया। महिला का कहना है कि लगातार दबाव और प्रताड़ना के कारण उसे पुलिस से शिकायत करनी पड़ी।
शोभा ने 7 सितंबर 2026 को पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद कंकरखेड़ा पुलिस ने पति अंकुश शर्मा, ससुर योगेश शर्मा, सास बबली देवी, जेठानी संगीता शर्मा, जेठ रोबिन, देवर विशाल, ननद प्रिया और अमित शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह के मुताबिक, नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है। मामले में जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Meerut
Published : 22 October 2026, 7:48 PM IST