गंजा सिर, माथे पर तिलक और प्रवचन की आड़… राधाकुंड में बी-टेक इंजीनियर साधु की भक्ति के पीछे छुपा था कैसा खौफनाक सच?

मथुरा के राधाकुंड में भक्ति और नौकरी का झांसा देकर युवतियों को जाल में फंसाने वाले एक हाई-प्रोफाइल 'इंजीनियर साधु' का पर्दाफाश हुआ है। प्रसाद में नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले इस ढोंगी के आश्रम से पुलिस ने जो खुलासा किया, उसने सबको चौंका दिया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 2 June 2026, 2:49 PM IST
google-preferred

Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा अंतर्गत गोवर्धन क्षेत्र के राधाकुंड में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने आस्था और विश्वास को झकझोर कर रख दिया है। यहां साधु का भेष बनाकर रह रहे एक मैकेनिकल इंजीनियर को युवतियों और महिलाओं के यौन शोषण तथा ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों में सोमवार रात गिरफ्तार किया गया है। खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाला यह ढोंगी ऑनलाइन माध्यमों से प्रवचन देकर बी-टेक और एम-टेक जैसी उच्च डिग्री धारक युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के आश्रम पर छापेमारी की और वहां बंधक जैसी स्थिति में रखी गईं तीन अलग-अलग राज्यों की महिलाओं को सकुशल मुक्त कराया है।

प्रसाद में नशीला दूध देकर किया दुष्कर्म

इस पूरे काले कारनामे का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ के बाल्को कोरबा क्षेत्र की रहने वाली बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा ने हिम्मत दिखाकर गोवर्धन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता अपनी बहन से मिलने मथुरा आई थी और राधाकुंड के गड़िया मोहल्ला में रह रही थी। वहां वह उड़ीसा निवासी अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास की भजन-कीर्तन मंडली से जुड़ गई। आरोप है कि 17 मई की रात अभिषेक मिश्रा पीड़िता के कमरे में आया और भगवान का प्रसाद बताकर उसे नशीला दूध पिला दिया। दूध पीते ही छात्रा बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह होश आने पर जब पीड़िता ने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, बाद में आरोपी ने पीड़िता को फोन कर पांच लाख रुपये की मांग की और रुपये न देने पर नहाते समय का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।

ऑनलाइन प्रवचन और 'अच्छे पैकेज' का लालच, 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी अभिषेक मिश्रा कोई साधारण अपराधी नहीं बल्कि एक पढ़ा-लिखा मैकेनिकल इंजीनियर है। वह करीब तीन साल पहले उड़ीसा से राधाकुंड आया था और यहां अपना आश्रम स्थापित कर लिया था। वह आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया का सहारा लेकर ऑनलाइन आध्यात्मिक पाठ पढ़ाता था। इस दौरान वह भजन मंडली में शामिल होने वाली उच्च शिक्षित महिलाओं (बी-टेक, एम-टेक) को अपने प्रभाव में लेता था। वह उन्हें बड़ी कंपनियों में अच्छे पैकेज पर नौकरी दिलाने का लालच देता था और जब महिलाएं उसके झांसे में आकर आश्रम पहुंचती थीं, तो वह उनका मानसिक और शारीरिक शोषण शुरू कर देता था।

जवाहर बाग की काली शाम: 10 साल बाद भी क्यों उठता है एक सवाल, क्या रामवृक्ष सच में मारा गया था?

 शिकायत के बाद आरोपी जेल भेजा गया, गहन जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी अभिषेक मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके चंगुल से जिन तीन महिलाओं को छुड़ाया है, उनसे भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, उसके ऑनलाइन नेटवर्क और आश्रम में आने-जाने वाले लोगों के रिकॉर्ड खंगाल रही है। सीओ ने स्पष्ट किया कि इस घिनौने कृत्य में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ और भी कड़ी कानूनी धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

Location :  Mathura

Published :  2 June 2026, 2:49 PM IST

Advertisement