
गिरफ्तार आरोपी
Muzaffarnagar : शादी और धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। नई मंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अचानक घर से गायब हो गई, जिसके बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि एक युवक शादी का झांसा देकर युवती को अपने साथ ले गया है और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे केस को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
7 मई को युवती के भाई ने नई मंडी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसकी बहन को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया और युवती की तलाश के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सर्विलांस, लोकेशन ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचने की रणनीति बनाई।
लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी समीम खान निवासी तारापुरी, थाना ब्रह्मपुरी जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती को किन परिस्थितियों में अपने साथ ले जाया गया और क्या वास्तव में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया था।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत नशे का अंधकार फैलाने वालों पर कसा शिकंजा
पुलिस अब मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। युवती का मेडिकल कराया जा रहा है और मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी और युवती के बीच कब से संपर्क था और पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है या किसी साजिश का हिस्सा।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि पीड़िता के भाई की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 9 May 2026, 12:03 AM IST
Topics : crime news love trap Muzaffarnagar UP Police