मुजफ्फरनगर की टॉर्चर फैक्ट्री केस में बड़ा अपडेट, मालिक कोर्ट में बोला- मुझे फंसाया गया

मुजफ्फरनगर की चर्चित कथित टॉर्चर फैक्ट्री मामले में मुख्य आरोपी अंकित बलियान को बी-वारंट पर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट परिसर में उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 July 2026, 6:31 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : चर्चित कथित "टॉर्चर फैक्ट्री" मामले में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। तितावी थाना क्षेत्र के मांडी गांव स्थित डोना फैक्ट्री के मालिक और इस मामले के मुख्य आरोपी अंकित बलियान को हरियाणा पुलिस बी-वारंट पर कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लेकर पहुंची। अदालत में पेशी के बाद उसे वापस हरियाणा ले जाया गया। कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अंकित बलियान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है।

कोर्ट में पेशी के दौरान दिया बयान

कोर्ट परिसर में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अंकित बलियान ने कहा, "मैंने किसी को नहीं मारा। मेरे ऊपर झूठे इल्जाम लगाए गए हैं। मुझे फंसाया गया है।"

12 मजदूरों को कराया गया था मुक्त

गौरतलब है कि 23 जून को तितावी थाना क्षेत्र की इस फैक्ट्री पर पुलिस, श्रम विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से 12 बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराया गया था। आरोप है कि मजदूरों को बंधक बनाकर अमानवीय यातनाएं दी जाती थीं। उनके साथ मारपीट की जाती थी, हंटर और चाबुक से पीटा जाता था और कुत्तों से कटवाने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए थे।

सड़कों पर समंदर, घरों में पानी! जानें मुजफ्फरनगर प्रशासन की इस बड़ी लापरवाही का बड़ा खुलासा

हत्या समेत कई गंभीर आरोपों की जांच

इस मामले में कुछ मजदूरों की हत्या के आरोप भी लगाए गए हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस अफसर ने बताया कि बंधुआ मजदूरी, प्रताड़ना, हत्या और अन्य गंभीर आरोपों के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

हरियाणा से बी-वारंट पर लाया गया आरोपी

अंकित बलियान पहले हरियाणा के पलवल में एक अन्य मामले में अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने इस चर्चित मामले में पूछताछ और न्यायिक कार्रवाई के लिए बी-वारंट हासिल किया। इसी प्रक्रिया के तहत गुरुवार को उसे मुजफ्फरनगर कोर्ट में पेश किया गया।

एसएसपी ने बताई आगे की कार्रवाई

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इस मामले में पहले ही शिवा त्यागी, प्रदीप बालियान और रेबिट नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अंकित बलियान मुख्य आरोपी था और वांछित चल रहा था। हरियाणा में उसकी गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद बी-वारंट की कार्रवाई की गई। अब नियमानुसार पुलिस कस्टडी रिमांड सहित अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  10 July 2026, 6:48 AM IST

Advertisement