वाराणसी में कल बड़ा ट्रैफिक अलर्ट, PM मोदी के दौरे से कई रास्ते बंद… निकलने से पहले देखें रूट प्लान

वाराणसी में 28 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। बसों, चार पहिया और भारी वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया गया है। शहर के कई व्यस्त इलाकों में प्रतिबंध रहेगा, इसलिए यात्रा से पहले रूट प्लान जानना जरूरी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 April 2026, 12:50 PM IST

Varanasi: उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक शहर वाराणसी में 28 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। शहर में दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी लागू रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सीमित या पूरी तरह बंद रहेगी।

प्रशासन का कहना है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक को नियंत्रित रखने और आम जनता को जाम से बचाने के लिए यह व्यवस्था की गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और बिना जरूरत प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें। शहर के व्यस्त इलाकों जैसे मुड़ैला, नहरतारा, महमूरगंज, भिखारीपुर और नरिया क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहेगा। ऐसे में स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

बसों के रूट में बड़ा बदलाव

प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, सोनभद्र, मिर्जापुर और गैराज की ओर से आने वाली बसों को मोहनसराय अंडरपास से मुड़ैला तिराहा तक लाया जाएगा और वहीं से वापस भेज दिया जाएगा। जौनपुर की ओर से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही संचालित होंगी। वहीं गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाली बसों को आजमगढ़ रिंग रोड अंडरपास से ही वापस कर दिया जाएगा।

Gorakhpur: तेज रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो-ट्रैक्टर ट्रॉली की भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत

अमरा अखरी अंडरपास से केवल कार्यक्रम से जुड़ी बसों को आगे बढ़ने की अनुमति होगी। अन्य बसों को मोहनसराय और डाफी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने बस यात्रियों से पहले से जानकारी लेकर सफर करने की अपील की है, ताकि रास्ते में परेशानी न हो।

चार पहिया और भारी वाहनों पर सख्ती

चार पहिया और भारी वाहनों के लिए भी विशेष डायवर्जन लागू किया गया है। चांदपुर चौराहे से केवल कार्यक्रम से जुड़ी बसों को ही गुजरने की अनुमति मिलेगी, जबकि बाकी वाहनों को लहरतारा की ओर भेजा जाएगा।
बाबतपुर तिराहे से वीवीआईपी आगमन से लगभग दो घंटे पहले भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह रोक दिया जाएगा। इसके अलावा भेलखा हनुमान मंदिर, मुड़ैला, बलिया, नहरतारा, महमूरगंज, भिखारीपुर, नरिया, चितईपुर, सेंट्रल जेल, भोजबीर और काली माता मंदिर जैसे प्रमुख चौराहों पर यातायात डायवर्ट रहेगा।

Maharajganj Road Accident: भिटौली में भीषण सड़क दुर्घटना, तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को रौंदा

BLW क्षेत्र में भी कई मार्ग पूरी तरह बंद रहेंगे। सिनेमा हॉल तिराहा, सेंट्रल मार्केट, सूर्य सरोवर, चेतना विद्यालय, इंटर कॉलेज और गोमती मार्केट से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की एंट्री नहीं होगी। इन इलाकों में ट्रैफिक को एफसीआई गेट, नाथपुर गेट और पुलिस चौकी की ओर मोड़ा जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और यात्रा से पहले वैकल्पिक रूट की जानकारी जरूर लें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Location :  Varanasi

Published :  27 April 2026, 12:50 PM IST