
भानु प्रताप
Ayodhya : पूर्वांचल में लंबे समय से आतंक का पर्याय बने कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बब्लू का आखिरकार अंत हो गया। शनिवार देर रात अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र में यूपी एसटीएफ और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 लाख रुपये का इनामी अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे एमी घाट के पास एसटीएफ टीम की दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों बाइक पर सवार थे। जैसे ही एसटीएफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की। फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में भानु प्रताप सिंह उर्फ बब्लू गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मुठभेड़ के बाद जब पुलिस ने इलाके की तलाशी ली तो भानु प्रताप के पास से AK-47 राइफल बरामद हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह बरामदगी उसकी आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाती है। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और फील्ड यूनिट को भी जांच के लिए बुलाया गया।
मुठभेड़ में घायल भानु प्रताप को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन तत्काल व्यवस्था नहीं हो सकी। इसके बाद एसटीएफ टीम उसे खुद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरा बाजार लेकर पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
भानु प्रताप सिंह गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के विखनापुर गांव का निवासी था। उसके ऊपर आजमगढ़ से 1 लाख रुपये, अंबेडकरनगर से 50 हजार रुपये, गोरखपुर से 25 हजार रुपये और बस्ती से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह उस पर कुल 2 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में लगभग 40 मुकदमे दर्ज थे।
मुठभेड़ के बाद से पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीमें फरार बदमाश की तलाश में जुटी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
Location : Ayodhya
Published : 8 June 2026, 5:08 AM IST