हिंदी
DGP राजीव कृष्ण (Img : Google)
Lucknow : सोशल मीडिया पर वर्दी का शोऑफ अब यूपी पुलिस में भारी पड़ सकता है। कभी फरियादी से मुलाकात के दौरान फेसबुक लाइव तो कभी इंस्टाग्राम पर रील्स और गुड मॉर्निंग-गुड नाइट पोस्ट्स तक का ट्रेंड अब यूपी पुलिस मुख्यालय की रडार पर आ गया है। कई अधिकारी सोशल मीडिया को अपनी पर्सनल ब्रांडिंग का जरिया बना चुके थे। डीजीपी राजीव कृष्ण ने संकेत दे दिया है कि वर्दी में रहते हुए सोशल मीडिया की ओवरएक्टिविटी बर्दाश्त नहीं होगी। वायरल रील्स और अनुशासनहीन पोस्ट पर विभागीय कार्रवाई होगी।
यूपी पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर सख्ती बढ़ा दी है। डीजीपी कार्यालय से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आपत्तिजनक पोस्ट, रील्स और अनुशासनहीन कंटेंट डालने वाले पुलिसकर्मियों को… pic.twitter.com/xidiNA1Qqn
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 16, 2026
मुख्यालय की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का उपयोग करते समय सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का पूरी तरह पालन अनिवार्य है। 8 फरवरी 2023 को जारी इस पॉलिसी के तहत किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट, रील या अनुशासनहीन कंटेंट डालना गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।
पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के उल्लंघन की पहचान कर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विस्तृत तंत्र तैयार किया जा रहा है। जिसमें सभी मामलों को चिन्हित कर विभागीय स्तर पर जांच सुनिश्चित की जाएगी। हर महीने सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन की रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजनी होगी।
आदेश में स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट, रील या वीडियो का पूरा रिकॉर्ड और URL सुरक्षित रखा जाएगा। जिससे जरूरत पड़ने पर उसकी जांच की जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर अनुशासनहीन गतिविधियों से यूपी पुलिस की छवि प्रभावित हो रही है। इसलिए इस पर नियंत्रण बेहद जरूरी है।
Location : Lucknow
Published : 16 May 2026, 4:40 PM IST