बुलंदशहर में बड़ा हादसा: देर रात भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, मलबे में दबे कई लोग

बुलंदशहर के छतारी में देर रात दो मंजिला निर्माणाधीन मकान ढह गया। मलबे में दबे महिला समेत तीन लोगों को NDRF-SDRF की टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 30 October 2026, 8:41 AM IST

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के छतारी कस्बे में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक दो मंजिला निर्माणाधीन मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान एक महिला और दो पुरुष मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। इसके अलावा एसडीआरएफ, एमडीआरएफ और मल्टी डिजास्टर रिस्पॉन्स व्हीकल की टीमों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मोर्चा संभाला।

रेस्क्यू ऑपरेशन में तीनों को सुरक्षित निकाला गया

कई टीमों ने मिलकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक महिला और दो पुरुषों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकाली गई महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है, जबकि दोनों घायल पुरुषों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मलबे में अन्य लोगों की तलाश के लिए चलाया अभियान

तीनों लोगों को बाहर निकालने के बाद भी घटनास्थल पर तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे में कोई अन्य व्यक्ति न फंसा हो। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौजूद रहीं। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Location :  Bulandshahr

Published :  30 October 2026, 8:35 AM IST