
24 लाख की सड़क पर भ्रष्टाचार और धांधली के आरोप
Maharajganj: सदर तहसील के मिठौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सोहगौरा में क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत लगभग 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और धांधली के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। चौंक-निचलौल मार्ग से स्वर्गीय अलगू प्रसाद विद्यालय तक बनी इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई है। गिट्टी की जगह मिट्टी और सिल्टयुक्त बालू का प्रयोग किए जाने से सड़क की मजबूती संदिग्ध हो गई है। स्थानीय निवासी सोमारी देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क इतनी खराब बनाई गई है कि हल्की बारिश या दबाव में ही टूटने की आशंका बनी हुई है।
गांव के अन्य लोगों का कहना है कि 24 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क में यदि इस प्रकार की अनियमितता सामने आ रही है, तो यह सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और सरकारी धन की धांधली का मामला है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और कार्यदाई संस्था की मिलीभगत से घटिया निर्माण कार्य कराया गया।जब इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रक्रिया की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संवाददाता ने कार्यदाई संस्था सीडको कार्यालय में सड़क की लागत और लंबाई को लेकर जानकारी चाही, लेकिन कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
Gold Price: ईरान-इजराइल युद्ध के बीच सोने की कीमतें बढ़ेंगी या गिरेगी? जानिये एक्सपर्ट की भविष्यवाणी
घटना के बाद परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने सिडको के अधिशासी अभियंता और संबंधित विभाग के सहायक अभियंता (AE) को मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अब ग्रामीण प्रशासनिक जांच की निष्पक्षता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : Maharajganj
Published : 1 March 2026, 6:35 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News UP News