
ज़ेन रेस्तरां होटल लॉज सीजे
Gorakhpur : जिले में एक होटल को लेकर मिली सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई ने हड़कंप मचा दिया। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बनकटी बुजुर्ग स्थित ZEN Restaurant Hotel Lodge में जांच करने पहुंची टीम को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। होटल संचालक से जब वैध दस्तावेज और जरूरी अनुमति मांगी गई तो वह कोई भी रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।
जिले में अवैध रूप से संचालित होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को सिकरीगंज क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी खजनी और नायब तहसीलदार खजनी के नेतृत्व में लगातार ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है, जहां नियमों की अनदेखी की शिकायतें मिल रही हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनकटी बुजुर्ग स्थित ZEN Restaurant Hotel Lodge में कुछ संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के बाद क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर, नायब तहसीलदार जाकिर हुसैन, सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल कुमार चतुर्वेदी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
इस दौरान होटल संचालक विनोद यादव निवासी ग्राम झउवा, थाना सिकरीगंज की मौजूदगी में होटल के रजिस्टर और कमरों की जांच की गई।
जांच के दौरान अधिकारियों को होटल के रिकॉर्ड में कई कमियां मिलीं। कमरों के उपयोग से जुड़ी जानकारी संतोषजनक नहीं पाई गई और आगमन-प्रस्थान रजिस्टर में दर्ज कुछ सूचनाओं पर भी सवाल खड़े हुए।
जब अधिकारियों ने होटल संचालन से जुड़े पंजीकरण, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे तो संचालक कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार जाकिर हुसैन ने होटल को तत्काल प्रभाव से सीज करने का आदेश दिया। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर होटल को सील कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे होटल और लॉज के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने सभी होटल संचालकों को निर्देश दिया है कि वे अपने लाइसेंस, पंजीकरण और जरूरी दस्तावेज पूरे रखें, वरना उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 7 August 2026, 12:55 AM IST