हिंदी
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में नेपाल सशस्त्र पुलिस बल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 18 लाख रुपये का अवैध हुक्का फ्लेवर बरामद किया है, जबकि तस्कर मौके से फरार हो गए।
18 लाख का हुक्का फ्लेवर बरामद
Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर तस्करों की बड़ी खेप पकड़ी गई है। लेकिन, इस बार भी तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। पीछे छूट गया लाखों का माल, तीन बाइक और कई सवाल आखिर किसके इशारे पर चल रहा है ये खेल? सीमा पर हुई इस कार्रवाई ने पूरे तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया है।
महराजगंज से सटे नवलपरासी भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेपाल सशस्त्र पुलिस बल को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। झुलनीपुर सीमा चौकी क्षेत्र के बलिनगर के तराइनी इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हुक्का फ्लेवर बरामद किया।
बरामद किए गए हुक्का फ्लेवर की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी जा रही है। जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि तस्करी का यह नेटवर्क कितना बड़ा और संगठित है।
नेपाल सशस्त्र पुलिस बल की 26वीं बटालियन के कार्यवाहक प्रमुख डीएसपी प्रमोद खड़का के अनुसार, गश्त के दौरान पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए। हालांकि, जल्दबाजी में वे अपने साथ लाया गया सारा माल और तीन भारतीय नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलें छोड़ गए।
मौके से 24 कार्टूनों में भरा 5,950 पैकेट हुक्का फ्लेवर बरामद किया गया है। नेपाली बाजार में इसकी कीमत प्रति पैकेट 300 रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सशस्त्र पुलिस ने बरामद माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ठूठीबारी बॉर्डर के पास स्थित महेशपुर सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया है। अब इस पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पुलिस फरार तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस बड़ी बरामदगी के बाद सीमा पर सक्रिय तस्करी सिंडिकेट में खलबली मच गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
सीमा पर इस तरह की लगातार कार्रवाई से साफ है कि सुरक्षा एजेंसियां अब तस्करों पर सख्ती के मूड में हैं, लेकिन सवाल यही है कि आखिर ये नेटवर्क कब तक पूरी तरह खत्म हो पाएगा।