
मैनपुरी में चमके मेधावी सितारे (Img: Dynamite News)
Mainpuri: मैनपुरी के स्टेशन रोड स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर अतिथियों ने उनकी सराहना की।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के बल पर कोई भी छात्र अपने सपनों को साकार कर सकता है।
Mainpuri: खेत में काम करते-करते अचानक किसान के साथ हुआ ऐसा हादसा, देखते ही ग्रामीण हुए दंग
एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समाज और देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए।
कार्यक्रम में सम्मान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति से बच्चों का उत्साहवर्धन हुआ और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Location : Mainpuri
Published : 17 June 2026, 3:13 PM IST