हिंदी
मैनपुरी में पुलिस से घिरा बदमाश
Mainpuri: जनपद के किशनी थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और एसओजी टीम की एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया वहीं मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ है।
आरोपी पर हत्या, लूट और गैंगस्टर सहित 9 मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार बदमाश ने 12 जुलाई को रविदासपुर में हुई चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया। अश्वनी कुमार अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे, तभी कुशालपुर पुलिया के पास बाइक सवार बदमाश ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन छीन ली थी।
किशनी पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही थी। शनिवार शाम करीब पांच बजे ढंढोस पुल के पास किशनी पुलिस और एसओजी टीम का बदमाश से सामना हुआ।
बदमाश ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। यह गोली बदमाश के पैर में लगी। मुठभेड़ की सूचना पर बेवर थाने की पुलिस, सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
एएसपी अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश की पहचान औरैया निवासी सतेंद्र के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कानपुर में रह रहा था। पुलिस ने बदमाश के पास से एक तमंचा और चेन बेचकर मिले 35 हजार रुपए बरामद किए हैं।
आरोपी सतेंद्र पर लूट, हत्या और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Location : Mainpuri
Published : 19 July 2026, 6:22 AM IST
Topics : Kishni Police mainpuri police encounter mainpuri crime news Murder Accused Wanted Criminal Arrested