हिंदी
पुलिस ने विशेष अभियान चलाया
Mainpuri: मैनपुरी जनपद में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी ने पुलिस प्रशासन की नींद हराम कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों और लोगों की बढ़ती चिंता को देखते हुए मैनपुरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। इसी कड़ी में शहर कोतवाली क्षेत्र के शीतला माता मंदिर के आसपास पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। जिसमें अस्थायी झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे संदिग्ध लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की गई।
मैनपुरी में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। शीतला माता मंदिर क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी हटाई गई, संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और पैदल गश्त बढ़ाई गई। @mainpuripolice #Mainpuri #CrimeAlert #PoliceAction #SafetyFirst pic.twitter.com/PJAdVve6mE
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) December 29, 2025
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में शहर और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। जांच में यह सामने आया कि कुछ बाहरी लोग अस्थायी झुग्गी-झोपड़ी डालकर इलाके में रह रहे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए झुग्गी-झोपड़ियों को हटवाया और वहां रहने वाले लोगों से गहन पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने साफ हिदायत दी कि यदि वे मैनपुरी के निवासी नहीं हैं तो तुरंत अपने-अपने जनपद लौट जाएं।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से चलाया जा रहा है। शहर कोतवाली पुलिस ने शीतला माता मंदिर क्षेत्र में पैदल गश्त की और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, किराएदारों और बाहरी लोगों का सत्यापन कराना अब अनिवार्य होगा। मैनपुरी पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। जिले में अपराध फैलाने वालों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
Location : Manpuri
Published : 30 December 2025, 1:34 AM IST
Topics : Crime Alert Manpuri Police Action Safety Campaign