मैनपुरी में दबंगों का कहर, घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, पत्नी से भी मारपीट का आरोप

मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने घर में घुसकर प्रमोद कुमार पर लाठी-डंडों और सरिया से जानलेवा हमला किया। बचाने आई पत्नी से भी मारपीट की गई। घायल की हालत नाजुक है। पीड़िता ने पुलिस पर रिपोर्ट न लिखने और आरोपियों द्वारा धमकी देने का आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 April 2026, 12:53 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। गांव रूपपुर भरतपुर में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पीड़िता विनिता पत्नी प्रमोद कुमार ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है।

घर में घुसकर दबंगों ने किया हमला

पीड़िता के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:20 बजे गांव के ही हिमांशु पुत्र अरविंद, राजू, अमन पुत्र ज्ञानेंद्र, अंकित और आरजू पुत्र सत्यनाम अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ उसके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि सभी हमलावर लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से लैस थे। बताया गया कि हिमांशु के पास लाइसेंसी बंदूक भी थी, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।

Mainpuri: दबंगों ने बीच सड़क पर ऐसा क्या किया कि इलाके में तनाव हो गया जानें पूरी खबर

प्रमोद कुमार को बेरहमी से पीटा गया

घर में घुसते ही आरोपियों ने प्रमोद कुमार को घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। लाठी-डंडों और सरियों से लगातार वार किए गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की बर्बरता ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।

पत्नी को भी नहीं बख्शा, दी जान से मारने की धमकी

जब विनिता ने अपने पति को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि हमलावरों ने जाते-जाते पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।

डायल 112 पर सूचना, अस्पताल में भर्ती कराया गया

घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रमोद कुमार को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

Mainpuri: मां ने दो मासूम बेटियों संग की आत्महत्या, जानें मां ने क्यों उठाया ऐसा कदम

थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंची, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। साथ ही आरोपियों द्वारा लगातार दोबारा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार और अधिक भयभीत है।

Location :  Mainpuri

Published :  30 April 2026, 12:53 PM IST