‘किसी परिवार को परेशानी नहीं होनी चाहिए’, जलभराव वाले गांवों में पहुंचे दिनेश प्रताप सिंह, बांटी राहत सामग्री

महराजगंज के जलभराव प्रभावित गांवों में पहुंचे उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जमीनी हालात का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से उनकी परेशानियां जानीं। लालगंज मजरे और कोटवा मदनिया में राहत सामग्री बांटने के साथ उन्होंने अधिकारियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 4 September 2026, 9:18 PM IST

Raebareli: राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह ने आज तहसील एवं विकासखंड महराजगंज के जलभराव से प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जिला प्रशासन) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राशन किट/राहत सामग्री का वितरण किया।

जलभराव स्थिति का किया निरीक्षण

उद्यान मंत्री ने सर्वप्रथम लालगंज मजरे (मोन) में पहुंचकर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर जलभराव के कारण उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य जरूरी सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

ये भी पढ़ें- आंगनबाड़ी भर्ती में आय प्रमाण पत्र का बड़ा फर्जीवाड़ा: एक नाम, दो प्रमाण पत्र, अलग-अलग आय! दस्तावेजों पर उठे सवाल

इसके बाद मंत्री ने ग्राम कोटवा मदनिया पहुंचकर भी जलभराव से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को दिए निर्देश

उद्यान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। प्रभावित परिवारों तक शासन-प्रशासन की सहायता समय से पहुंचाई जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों में आवागमन, स्वच्छ पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।

ये भी पढ़ें- ‘पेट में लड़की है’ कहकर दी दवा, गर्भपात के बाद सामने आया चौंकाने वाला दावा; अलीगढ़ में आशा कार्यकर्ता गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि शासन एवं जिला प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक प्रभावित परिवार को संकट की इस घड़ी में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए स्थिति पर नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल पासी, उप जिलाधिकारी महराजगंज चन्द्र प्रकाश गौतम, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Location :  Raebareli

Published :  4 September 2026, 9:18 PM IST