
लक्ष्मीपुर से नईकोट तक खुशियों की लहर (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के भारत-नेपाल सीमा से सटे गांवों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर विकास की नई पहचान देने की दिशा में जिले में महत्वपूर्ण पहल हुई है। वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत महराजगंज जिले के चार ब्लॉकों के 34 गांवों का चयन किया गया है। इनमें लक्ष्मीपुर ब्लॉक के पांच गांव एकसड़वा, बटईडीह, लक्ष्मीपुर कैथवालिया, जंगल गुलरिया और नईकोट शामिल हैं। गांवों के वाइब्रेंट विलेज के रूप में चयन की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
वाइब्रेंट विलेज योजना केंद्र सरकार की एक योजना है जिसका उद्देश्य भारत-चीन और भारत-नेपाल जैसे अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों का समग्र विकास करना और वहां रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
ये भी पढ़ें - Maharajganj: पहले मंगेतर को भेजी होने वाली दुल्हन की अश्लील तस्वीर, टूटी शादी… फिर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
ग्रामीणों ने कहा कि यदि शासन की योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन हुआ तो आने वाले समय में गांव की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में भी सुधार की उम्मीद है। लक्ष्मीपुर कैथवालिया के दिनेश कुमार त्रिपाठी (ग्राम प्रधान), बैजनाथ प्रजापति, चंद्रदेव, गंगा प्रसाद, दिनेश यादव, तुलसी प्रसाद, तेज प्रताप, संगीता और सरोज ने गांव के वाइब्रेंट विलेज के रूप में चयन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह गांव के लिए गर्व की बात है। अब उनकी सबसे बड़ी उम्मीद गांव में बेहतर सड़क, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, इंटरनेट, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की है।
चयनित ग्रामसभाओं के प्रधान दिनेश त्रिपाठी, जमाल अहमद और बसंत गुप्ता, रामसावर यादव ने गांवों के चयन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं का बेहतर लाभ पहुंचाने और गांव के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। योजना के तहत गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बारात घर, सुंदरीकरण गेट, ओपन जिम, इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने की दिशा में काम होगा।
ये भी पढ़ें - Maharajganj में खाद दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 31 प्रतिष्ठानों की जांच; एक का लाइसेंस निलंबित, 3 को नोटिस
परियोजना के नोडल अधिकारी ने बताया कि चयनित ग्रामसभाओं के विकास के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर शासन के पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। प्रस्ताव के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। योजना का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों में बुनियादी ढांचे और आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करते हुए विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि चयन के बाद प्रस्तावित विकास कार्य धरातल पर तेजी से दिखाई देंगे और वाइब्रेंट विलेज योजना उनके गांवों के लिए विकास का नया अध्याय साबित होगी।
Location : Maharajganj
Published : 10 August 2026, 12:10 PM IST