मुंडन समारोह में हुई छोटी-सी बहस… अगले दिन पुलिया पर 6 लोगों ने युवक को घेरकर बरसा दिए लाठी-डंडे!

महराजगंज के ठूठीबारी क्षेत्र में मुंडन समारोह के दौरान हुई कहासुनी अगले दिन हिंसक झड़प में बदल गई। युवक पर छह लोगों ने लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप है। पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 12 July 2026, 1:33 PM IST

Maharajganj: ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौनिया में मुंडन समारोह के दौरान हुआ मामूली विवाद अगले ही दिन हिंसक संघर्ष में बदल गया। गांव के एक युवक पर आधा दर्जन लोगों द्वारा लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंडन समारोह में हुई थी कहासुनी

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम नौनिया निवासी बनवारी यादव ने बताया कि 9 जुलाई को गांव के रुदल यादव के घर मुंडन समारोह आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान गांव के ही श्याम पटेल द्वारा कथित रूप से व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा था। इस पर उनके पुत्र शत्रुधन यादव ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और मामला वहीं शांत हो गया।

अगले दिन पुलिया पर घेरकर हमला करने का आरोप

शिकायत के अनुसार 10 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे शत्रुधन यादव गांव के पास स्थित पुलिया पर बैठे थे। आरोप है कि तभी श्याम पटेल, शिवम पटेल, कृष्णा पटेल, अरविन्द पटेल, अनूप पटेल और गोविन्द पटेल वहां पहुंचे। पहले हुए विवाद को लेकर सभी ने कथित रूप से गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

परिवार में दहशत, भविष्य में अनहोनी की आशंका

हमले में शत्रुधन यादव घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और घटना के बाद पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। शिकायत में भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका भी जताई गई है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की गई है।

छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ठूठीबारी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए श्याम पटेल, शिवम पटेल, कृष्णा पटेल, अरविन्द पटेल, अनूप पटेल और गोविन्द पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 115(2), 191(2), 351(3) एवं 352 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  12 July 2026, 1:33 PM IST