
एडीएम ने धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण
Maharajganj: महराजगंज जिले में धान क्रय व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार ने मंगलवार को विभिन्न धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीद की प्रगति, किसानों के भुगतान, भंडारण क्षमता और मौके पर उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत आकलन किया।
निरीक्षण की शुरुआत सहकारी संघ खेमपिपरा केंद्र से हुई। यहां कुल 100 किसानों से 3601 कुंतल धान खरीदा गया था, जिसमें से 94 किसानों को भुगतान कर दिया गया था। केंद्र का गोदाम भंडारण क्षमता के शत–प्रतिशत तक भरा मिला। इस पर एडीएम ने केंद्र प्रभारी और जिला प्रबंधक को निर्देशित किया कि अविलंब मिलर्स से समन्वय स्थापित कर धान की उठान सुनिश्चित कराएं, ताकि आगे की खरीद निर्बाध रूप से जारी रह सके।
Maharajganj News: पंचायत कार्यालय से SIR मीटिंग के दौरान समाजवादी पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष की बाइक चोरी
इसके बाद एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार बी-पैक्स दरौली पहुंचे। यहां 64 किसानों से 2340 कुंतल धान की खरीद दर्ज की गई थी और सभी किसानों को भुगतान पूरा किया जा चुका था। निरीक्षण के समय किसान रविंद्र चौहान की तौल चल रही थी। उन्होंने खरीद व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया, जिसे एडीएम ने सकारात्मक संकेत बताया।
अगले पड़ाव में एडीएम ने बी-पैक्स बेलवा टिकर का निरीक्षण किया। इस केंद्र पर 72 किसानों से कुल 3149 कुंतल धान की खरीद की गई थी और सभी किसानों को भुगतान दिया जा चुका था। मौके पर किसान इंद्रजीत राय की तौल प्रक्रिया जारी थी। एडीएम ने क्रय केंद्र पर मौजूद अधिकारियों से खरीद की पारदर्शिता और किसानों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
लखिमा में एसआईआर और फॉर्मर रजिस्ट्री की डीएम ने की सख्त समीक्षा, डिजिटाइजेशन पर फटकार
निरीक्षण के अंत में एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने निर्देश दिए कि चेकलिस्ट के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। खरीद का विवरण खरीद पंजिका में तत्काल दर्ज किया जाए और ऑनलाइन प्रविष्टियां बिना किसी विलंब के सुनिश्चित हों। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद को गति देने और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए।
Location : Maharajganj
Published : 3 December 2025, 7:35 PM IST
Topics : ADM inspected Maharajganj payment purchasing