हिंदी
BSA ने दिया जांच का आदेश (Img: Dynamite News)
Maharajganj: लक्ष्मीपुर ब्लॉक के पिपरा सोहट गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों के कथित तौर पर अश्लील भोजपुरी गाने पर डांस का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
इस मामले में डाइनामाइट न्यूज़ की खबर का बड़ा असर हुआ है। मामले का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सुरजीत कुमार सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा प्रसाद को सौंपी गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
दरअसल, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पिपरा सोहट स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें छात्र-छात्राएं डांस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पृष्ठभूमि में कथित तौर पर अश्लील भोजपुरी गाना बजता सुनाई दे रहा है। बच्चों, विशेषकर छात्राओं के सामने इस तरह का गाना बजाए जाने को लेकर विद्यालय की व्यवस्था और कार्यक्रम के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े हुए।
ये भी पढ़ें- Deoria News: POCSO केस में वांछित 60 साल का आरोपी आखिर कहां छिपा था? मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरकर दबोचा
स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा राष्ट्रीय पर्व है। सरकारी विद्यालयों में इस दिन देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और महापुरुषों के जीवन से जुड़ी प्रस्तुतियां आयोजित की जाती हैं। ऐसे में विद्यालय परिसर में बच्चों के कार्यक्रम के दौरान कथित अश्लील भोजपुरी गाने का वीडियो सामने आने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भी नाराजगी बताई गई। लोगों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई थी। इसी बीच डाइनामाइट न्यूज़ ने मामले को प्रमुखता से उठाते हुए शिक्षा विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।
डाइनामाइट न्यूज़ की खबर सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच बैठा दी। खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा प्रसाद को जांच अधिकारी बनाया गया है। जांच में वायरल वीडियो की सत्यता, कार्यक्रम की वास्तविक परिस्थितियों, गाना किसके निर्देश या अनुमति से बजाया गया और विद्यालय प्रबंधन की भूमिका समेत तमाम बिंदुओं की पड़ताल की जाएगी।
जांच अधिकारी विद्यालय से संबंधित जानकारी और कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों से भी तथ्य जुटा सकते हैं। इसके बाद तैयार की जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल पूरे मामले में जांच शुरू होने के बाद विद्यालय प्रबंधन पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
Location : Maharajganj
Published : 16 August 2026, 7:02 PM IST
Topics : BSA Investigation Education Department Independence Day 2026 Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) UP News