
डाइनामाइट न्यूज से खास बातचीत में कही बड़ी बात
Maharajganj: महराजगंज जिले के नौतनवा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासनिक सक्रियता साफ नजर आई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खुद फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर असर दिखाने वाला होना चाहिए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 187 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 18 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। राजस्व, पुलिस, पूर्ति, पेंशन और विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक रहीं, जो आम जनता की प्रमुख समस्याओं को दर्शाती हैं।
Gorakhpur: खजनी तहसील समाधान दिवस में मची अफरा-तफरी, कमिश्नर-डीआईजी के सामने उमड़े फरियादी
संतोष कुमार शर्मा ने डायनामाइट न्यूज से खास बातचीत में कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता केवल फाइलों में निस्तारण दिखाना नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि तहसील दिवस और IGRS से जुड़ी शिकायतों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शिकायतों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें। जिन मामलों में पुलिस की जरूरत हो, वहां संयुक्त टीम बनाकर मौके पर समाधान किया जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को खास तौर पर निर्देश दिया कि LPG सिलेंडर से संबंधित शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निस्तारण किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने और गांवों को भूमि विवाद मुक्त बनाने के लिए विवादों का वर्गीकरण कर शीघ्र निपटान सुनिश्चित करने को कहा। खंड विकास अधिकारियों को योजनाओं की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम नवीन प्रसाद, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संपूर्ण समाधान दिवस के जरिए प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि जनता की समस्याओं को लेकर अब सख्ती और जवाबदेही दोनों तय की जाएंगी।
Location : Maharajganj
Published : 2 May 2026, 4:07 PM IST
Topics : DM Santosh Kumar Sharma Maharajganj News Nautanwa Tehsil Public Grievance Sampoorna Samadhan Diwas