
योगी आदित्यनाथ
Maharajganj: महराजगंज जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली कई बड़ी वारदात सामने आई हैं। कहीं पर फायरिंग हुई तो कहीं पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।
जिले में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली बड़ी घटना सामने आई है। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच गुरुवार को फरेंदा तहसील क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर जमकर गोलीबारी हुई। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के लेहड़ा चौकी अंतर्गत बिशुनपुर अदरौना ग्राम सभा में हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। कई राउंड फायरिंग होने की सूचना है, जिसमें तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी भगौती यादव और तेजु यादव के बीच कई वर्षों से पुराना विवाद चला आ रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।
मौके पर तनाव का माहौल
घटना में तेजु यादव के पैर में गोली लगी है, जबकि पोलई नामक व्यक्ति के सिर में गोली लगने की सूचना मिली है। इसके अलावा पिंटू नामक युवक भी गोली लगने से घायल हुआ है। गोलीबारी के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी और पहले भी विवाद हो चुका था।
शाम को आभूषण कारोबारी से लूट
वहीं, लक्ष्मीपुर बाजार निवासी रंजीत सोनी (35) ग्राम पंचायत मानिक तालाब के धनहिया चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह वह गुरुवार शाम करीब सात बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मल्हनी फुलवरिया के पास जंगल क्षेत्र में पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी बाइक पर सवार थे। पूरी तरह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
डंडों से हमला कर किया लहूलुहान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने अचानक व्यापारी पर हमला बोल दिया। डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे रंजीत सोनी सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात और बाइक लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग तुरंत कुछ समझ नहीं पाए।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
Location : Maharajganj
Published : 14 May 2026, 11:40 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police UP Low and Order Yogi Adityanath