15 हजार रुपये दो वरना, सागौन के पेड़ों की कटाई पर मचा ऐसा बवाल कि थाने पहुंच गया 300 पेड़ों का पूरा विवाद

महराजगंज के पनियरा क्षेत्र में एक जमीन पर चल रहा मामला उस वक्त विवाद में बदल गया, जब पेड़ों की कटाई से जुड़ी कार्रवाई के बीच कुछ ऐसा हुआ कि मामला थाने तक पहुंच गया। जमीन मालिक ने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 September 2026, 4:38 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र के माधोनगर गांव में सागौन के पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद सामने आया है। माधोनगर निवासी रामकेवल पासवान ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की है। रामकेवल का कहना है कि उनकी जमीन पर बड़ी संख्या में सागौन के पेड़ लगे हुए हैं। इनमें से कुछ पेड़ों को काटने के लिए उन्होंने वन विभाग से अनुमति ली थी। इसके बावजूद पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

जमीन पर लगे हैं करीब 300 सागौन के पेड़

शिकायतकर्ता के अनुसार, गाटा संख्या 394 में स्थित उनकी भूमि पर करीब 300 सागौन के पेड़ हैं। इनमें से 37 पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग से विधिवत परमिट लिया गया था।पीड़ित ने अपनी शिकायत के साथ परमिट की छायाप्रति भी संलग्न किए जाने की बात कही है। उसका कहना है कि परमिट के आधार पर ही पेड़ों की कटाई की गई थी।

ये भी पढ़ें: Maharajganj: थाने के मेन गेट पर युवक का डांस, VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप; अब पुलिस कर रही जांच

जेसीबी से जड़ें निकलवाते समय पहुंचा व्यक्ति

रामकेवल के मुताबिक, 15 सितंबर को वह अपनी जमीन को कृषि योग्य बनाने के लिए पहले से काटे जा चुके सागौन के पेड़ों की जड़ों को जेसीबी मशीन से निकलवा रहा था। बताया गया कि दोपहर करीब 12 बजे ग्राम कुआंचाप निवासी जितेंद्र निषाद मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने पेड़ों की कटाई को लेकर जानकारी मांगी। रामकेवल ने उसे वन विभाग से मिला परमिट होने की जानकारी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद मामला और विवादित हो गया।

15 हजार रुपये मांगने का आरोप

तहरीर में रामकेवल ने आरोप लगाया है कि जितेंद्र निषाद ने उससे 15 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने और समाचार-पत्र में खबर प्रकाशित कराकर कार्रवाई कराने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई।

जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप

रामकेवल ने अपनी तहरीर में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विवाद के दौरान उसे अपमानजनक शब्द कहे गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उसकी अनुमति के बिना क्षेत्र में कोई व्यक्ति पेड़ नहीं कटवा सकता। उसने कुछ अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई कराने की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया है।

झूठी शिकायत और खबर से प्रतिष्ठा को नुकसान का दावा

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद वह डर और मानसिक परेशानी में है। उसका यह भी दावा है कि उसके खिलाफ अधिकारियों के सामने गलत शिकायतें की गईं और भ्रामक खबर प्रकाशित कर उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। हालांकि, इन सभी आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें: Maharajganj: रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग

रामकेवल पासवान ने पनियरा थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उसने पुलिस से परमिट समेत अन्य दस्तावेजों की जांच कर मामले की वास्तविकता सामने लाने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच चुका है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पेड़ों की कटाई से जुड़े विवाद में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

Location :  Maharajganj

Published :  17 September 2026, 4:38 PM IST