महराजगंज में पंचायत चुनाव का बिगुल, 19.50 लाख मतदाताओं की अंतिम सूची जारी

महराजगंज में पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियों को गति मिल गई है। निर्वाचक नामावली के बृहद पुनरीक्षण के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। जिले में इस बार 19.50 लाख मतदाता मतदान करेंगे। सूची में 83 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं, जबकि सत्यापन अभियान के दौरान हजारों नाम हटाए गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 June 2026, 6:43 PM IST

Maharajganj : त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2026 के लिए चल रहे निर्वाचक नामावली के बृहद पुनरीक्षण अभियान के बाद बुधवार को अंतिम मतदाता सूची का जारी कर दिया गया। नई सूची के अनुसार जिले में कुल 19,50,102 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 10,30,090 पुरुष और 9,20,012 महिला मतदाता शामिल हैं।

सत्यापन अभियान में 14,733 नाम सूची से गए हटाए

निर्वाचन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 की तुलना में जिले में मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले पंचायत चुनाव के मुकाबले इस बार 83,451 नए मतदाता सूची में शामिल हुए हैं। वहीं सत्यापन अभियान के दौरान मृत, स्थानांतरित और अन्य कारणों से 14,733 मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित किए गए हैं।

सत्यापन के बाद तैयार हुई अंतिम सूची

अधिकारियों के मुताबिक विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तर पर घर-घर सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची तैयार की गई है। अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

Maharajganj: बरसात से पहले चर्चित महाव नाले का DM-SP ने किया निरीक्षण, जानिए कैसे रोकेंगे कटान?

धानी में सबसे कम मतदाता

जिले के विभिन्न विकास खंडों में मतदाता संख्या के आंकड़े भी सामने आए हैं। इनमें निचलौल विकास खंड में सबसे अधिक 2,04,160 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जबकि धानी विकास खंड में सबसे कम 54,376 मतदाता हैं।

बृजमनगंज में सबसे ज्यादा मतदाता वृद्धि

पुनरीक्षण के दौरान विकास खंड बृजमनगंज में सर्वाधिक 8.90 प्रतिशत मतदाता वृद्धि दर्ज की गई, जबकि धानी ब्लॉक में 0.23 प्रतिशत की कमी देखने को मिली है। इससे कई ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों का चुनावी समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।

विकास खंडवार मतदाता संख्या
पनियरा - 1,70,978
परतावल - 1,80,317
घुघली - 1,79,656
महराजगंज सदर - 1,58,269
मिठौरा - 1,86,945
सिसवा - 1,26,824
निचलौल - 2,04,160
नौतनवा - 1,93,925
लक्ष्मीपुर - 1,80,284
फरेंदा - 1,46,016
बृजमनगंज - 1,68,352
धानी - 54,376

पंचायत चुनाव की तैयारियां हुईं तेज

निर्वाचन विभाग के अनुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 जून को कर दिया गया है। अब प्रशासन पंचायत चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुट गया है। नई मतदाता सूची के जारी होने के बाद संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक रूप से सक्रिय लोगों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

Location :  Maharajganj

Published :  10 June 2026, 6:43 PM IST