
महराजगंज में हॉर्न बजाने पर भड़का 'डॉक्टर' (Image Source: Pinterest)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के महेशपुर उर्फ कबेलवा (टोला तुलसीपुर) में सड़क पर सिर्फ हॉर्न बजाने और रास्ता मांगने को लेकर एक मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि बात सीधे मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गई। पीड़ित संदीप सहानी, जो पेशे से ई-रिक्शा चालक है और अपने परिवार का पेट पालता है, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 जून की शाम करीब छह बजे वह अपना वाहन लेकर घर लौट रहा था। तभी गांव का ही जय सिंह (जो कथित तौर पर झोलाछाप डॉक्टर का काम करता है) सड़क के बीचो-बीच खड़े होकर मोबाइल चला रहा था। संदीप ने रास्ता साफ करने के लिए कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन जब जय सिंह टस से मस नहीं हुआ, तो संदीप ने नीचे उतरकर हटने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।
विवाद के बाद संदीप अपने घर चला गया, लेकिन आरोपी जय सिंह का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ ही देर बाद जय सिंह हाथों में डंडा और लोहे की रॉड लेकर संदीप के घर के बाहर पहुंच गया। उसने दरवाजे पर खड़े होकर गाली-गलौज की और संदीप को बाहर निकलने की चुनौती दी। जैसे ही पीड़ित संदीप घर से बाहर आया, आरोपी ने उस पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में संदीप के सिर, कान और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
जब संदीप की चीख-पुकार सुनकर उसकी भाभी उसे बचाने के लिए दौड़ीं, तो बेरहम आरोपी ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए महिला के साथ भी जमकर मारपीट की। शोर-शराबा बढ़ता देख गांव और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ, लेकिन जाते-जाते उसने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे पीड़ित परिवार गहरे खौफ में है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पीड़ित ने निचलौल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जय सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अंकित सिंह के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में कथित झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिना किसी वैध डिग्री के कई ऐसे क्लीनिक धड़ल्ले से चल रहे हैं, जहाँ ये कथित डॉक्टर न सिर्फ लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं, बल्कि अपनी दबंगई के बल पर इलाके में डर का माहौल भी बनाते हैं। इस हिंसक झड़प के बाद अब स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से इन अवैध क्लीनिकों के खिलाफ एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाने और इन्हें तुरंत सील करने की मांग उठाई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 22 June 2026, 11:16 AM IST
Topics : Maharajganj Nichlaul Police Road rage up crime