महराजगंज के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के दक्षिणी चौक रेंज में वन चौकी से महज 300 मीटर दूर सागौन के दो पेड़ काटकर तस्कर फरार हो गए। घटना के बाद वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

वन चौकी के पास से ही कीमती पेड़ काट ले गए तस्कर
Maharajganj: महराजगंज के जनपद के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग में अवैध कटान का एक और मामला सामने आया है। दक्षिणी चौक रेंज के नाथनगर बीट में वन चौकी से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर अज्ञात लकड़ी तस्करों ने दो कीमती सागौन के पेड़ों को काट लिया और लकड़ी का कुछ हिस्सा मौके से उठा ले गए।
बताया जा रहा है कि नाथनगर बीट स्थित वन चौकी के पश्चिम दिशा में यह घटना हुई। हैरानी की बात यह है कि इतनी नजदीक होने के बावजूद वन चौकी पर तैनात कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में काफी समय से अवैध कटान की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। ताजा घटना के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। कटे हुए पेड़ों के अवशेष को कब्जे में ले लिया गया है।
महराजगंज में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर को दिखाए काले झंडे, आरोपी पुलिस हिरासत में
इस संबंध में दक्षिणी चौक रेंज के वनक्षेत्राधिकारी ऋषभ नायक ने बताया कि कटे हुए पेड़ों को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लकड़ी तस्करों को पकड़ लिया जाएगा।
नगर के विभिन्न इलाकों में जंगल और निजी जमीन पर हो रहे अवैध वृक्ष कटान ने स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा दिया है। पर्यावरण प्रेमियों और नागरिकों की शिकायत पर प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को शिकायत मिलने के बाद तुरंत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को पकड़कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।