
दोपहिया वाहन चलाने पर सख्ती बरतने के निर्देश (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में परिवहन सुरक्षा समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूल वाहनों की सुरक्षा, वैध दस्तावेज, सड़क सुरक्षा नियमों और छात्रों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर कई अहम फैसले लिए गए, जिनका पालन अब सभी विद्यालयों के लिए अनिवार्य होगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), मनोज कुमार सिंह जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात विभाग के अधिकारी तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: Maharajganj: ढेसो पुल के जंगल में तेंदुए की दस्तक! निचलौल में दहशत, खेत-जंगल जाने से कतरा रहे ग्रामीण
जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि जिन विद्यालयी वाहनों का परमिट, फिटनेस या अन्य आवश्यक दस्तावेज समाप्त हो चुके हैं, उनका संचालन किसी भी स्थिति में न किया जाए। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही ऐसे वाहन सड़क पर उतरेंगे। यदि कोई वाहन वर्तमान में संचालित नहीं किया जा रहा है, तो संबंधित विद्यालय को इसकी जानकारी शपथ पत्र के माध्यम से ISVMP पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
इसके अलावा जिन विद्यालयों ने अब तक अपने वाहनों का पंजीकरण ISVMP पोर्टल पर नहीं कराया है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए गए, ताकि परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर उनका निरीक्षण किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों में विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित कराई जाए तथा सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
डीएम ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे "मिशन सेफ फ्यूचर" अभियान के तहत बिना वैध दस्तावेज, फिटनेस, परमिट या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी विद्यालय को बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: Maharajganj: गांव-गांव विकास की नई रफ्तार, जीरामजी योजना के शुभारंभ पर सीडीओ खुद पहुंचे पंचायतों में
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण फैसला नाबालिग छात्रों की सड़क सुरक्षा को लेकर रहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे छात्र-छात्राएं, जो बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाकर विद्यालय आते हैं, उन्हें विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही विद्यालय प्रबंधन ऐसे छात्रों के अभिभावकों की नियमित काउंसिलिंग करेगा और उन्हें नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन न देने तथा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के लिए प्रेरित करेगा।
Location : Maharajganj
Published : 10 July 2026, 7:48 PM IST
Topics : Gaurav Singh Sogarwal Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) School Bus Fitness School Vehicle Safety Transport Safety Committee