Maharajganj News: विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार पर सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह सख्त, विद्युत अभियंता से मांगा स्पष्टीकरण

महराजगंज में विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाया। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिलने पर अधिशासी अभियंता सदर को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 November 2026, 8:56 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज में विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाया। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिलने पर अधिशासी अभियंता सदर को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। वहीं सीएम युवा अभियान, जल निगम ग्रामीण और आईसीडीएस की प्रगति पर भी नाराजगी जताई। सीडीओ ने दो टूक कहा कि योजनाओं में सी और डी ग्रेड किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। विभागीय लापरवाही से जनपद की रैंकिंग गिरने पर जिम्मेदारी तय होगी।

डैशबोर्ड पर रैंकिंग को लेकर सख्त रुख 

महराजगंज जनपद में विकास योजनाओं की प्रगति और सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग को लेकर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार, 12 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की बारीकी से समीक्षा की और खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: Maharajganj News: कड़ी सुरक्षा के बीच नम आंखों से मां लक्ष्मी को दी विदाई, गूंजे जयकारे

बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान और मत्स्य समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

कार्यप्रणाली को लेकर सीडीओ नाराज नजर आए

समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सीडीओ खासे नाराज नजर आए। बैठक में विद्युत विभाग से कोई भी अधिकारी उपस्थित नहीं मिला। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता (विद्युत) सदर को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।

वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिलने पर सीडीओ ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सहायक आयुक्त उद्योग को बैंकों से समन्वय स्थापित कर ऋण आवेदनों के निस्तारण के साथ ऋण वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

इसके अलावा जल निगम ग्रामीण और आईसीडीएस की प्रगति में भी सुधार लाने की हिदायत दी गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

ये भी पढ़ें: Maharajganj: 705 गर्भवती महिलाओं पर बड़ा संकट, स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता

अपनी योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें, जिससे विकास कार्यों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और जनपद की रैंकिंग में गिरावट न आए। उन्होंने दो टूक कहा कि योजनाओं में सी और डी ग्रेड किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। सभी विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें।

बैठक में डीडीओ बीएन कन्नौजिया, डीएसटीओ निरंकार, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कन्हैया यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  12 November 2026, 8:56 PM IST