
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, नइकोट और महुआरी रेलवे क्रॉसिंग के बीच स्थित रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों को मिली। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना तुरंत नौतनवा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी गई। सूचना मिलते ही नौतनवा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया।
नौतनवा को कब मिलेगा पुलिस क्षेत्राधिकारी, फरेंदा के CO संभाल रहे अतिरिक्त चार्ज
पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया के बाद मृतक की शिनाख्त 36 वर्षीय हनुमान उपाध्याय पुत्र स्वर्गीय महेंद्र उपाध्याय निवासी ग्राम पिपरहिया के रूप में हुई। घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नौतनवा पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवक के रेलवे ट्रैक पर पहुंचने और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Location : Maharajganj
Published : 20 June 2026, 12:54 PM IST